Samachar Post रिपोर्टर, सिमडेगा : जिले के ठेठईटांगर थाना क्षेत्र में सोमवार को हुए एक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना कसडेगा के समीप दोपहर करीब 12 बजे हुई। घायल युवक की पहचान बिहार के दरभंगा निवासी सावन कुमार के रूप में हुई है, जो वर्तमान में ठेठईटांगर थाना क्षेत्र के टुकुपानी गांव में किराये के मकान में रहकर एक मोबाइल कनेक्टिविटी कंपनी में कार्यरत है।
शिव मंदिर में पूजा के बाद लौट रहा था युवक
प्राप्त जानकारी के अनुसार सावन माह की पहली सोमवारी के अवसर पर सावन कुमार टुकुपानी स्थित शिव मंदिर में पूजा-अर्चना करने गया था। पूजा के बाद वह बाइक से अपने कार्यालय की ओर जा रहा था। इसी दौरान कसडेगा के पास एक अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

हादसे के बाद चालक फरार
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी तेज थी कि युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार हो गया। घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने मानवता का परिचय देते हुए घायल युवक को सदर अस्पताल, सिमडेगा पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण उसे बेहतर इलाज के लिए रिम्स, रांची रेफर कर दिया गया।
यह भी पढ़ें : शादी के तीन महीने बाद विवाहिता के कथित अपहरण का मामला, पति की शिकायत पर FIR दर्ज
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। फरार वाहन और उसके चालक की पहचान के लिए आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही दुर्घटना में शामिल वाहन का पता लगाने का प्रयास किया जाएगा। सावन माह की पहली सोमवारी पर भगवान शिव की पूजा कर लौट रहे युवक के साथ हुए इस हादसे से क्षेत्र में चिंता का माहौल है। स्थानीय लोगों ने सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण के लिए प्रशासन से प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।






















