मौसमक्रिकेटहेल्थक्राइमस्पोर्ट्सबॉलीवुडएजुकेशनबिजनेसलाइफस्टाइलदेशविदेश

श्रावणी मेला 2026: देवघर की सुरक्षा में 8,743 जवान तैनात, 25 जुलाई से संभालेंगे मोर्चा

--Advertisment--

Samachar Post रिपोर्टर,रांची : विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला 2026 को लेकर झारखंड पुलिस मुख्यालय ने सुरक्षा व्यवस्था को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए इस बार देवघर में सुरक्षा के अभूतपूर्व इंतजाम किए गए हैं। पुलिस मुख्यालय के आदेश के अनुसार मेले की सुरक्षा के लिए झारखंड के विभिन्न जिलों, बटालियनों और प्रशिक्षण संस्थानों से कुल 8,743 पुलिसकर्मियों और अधिकारियों की तैनाती की जाएगी।

यह भी पढ़ें : रामगढ़ में अवैध मिनी गन फैक्ट्री का भंडाफोड़, पति-पत्नी गिरफ्तार; पिस्तौल, मैगजीन और हथियार बनाने की मशीनें बरामद

25 जुलाई से 31 अगस्त तक रहेगी विशेष सुरक्षा व्यवस्था

जारी आदेश के मुताबिक प्रतिनियुक्त सभी पुलिस पदाधिकारियों, लाठी बल और सशस्त्र बलों को 25 जुलाई 2026 की पूर्वाह्न तक देवघर में हर हाल में योगदान देने का निर्देश दिया गया है। यह विशेष सुरक्षा व्यवस्था 31 अगस्त 2026 तक प्रभावी रहेगी, ताकि पूरे श्रावणी मेले के दौरान कानून-व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। श्रावणी मेला 2026 के लिए कुल 5,365 पुरुष लाठी बल और 440 महिला लाठी बल की प्रतिनियुक्ति की गई है। इसके अलावा 92 इंस्पेक्टर, 2018 बैच के 28 दारोगा, 730 एएसआई, 1,110 पुरुष सशस्त्र बल सहित बड़ी संख्या में अन्य पुलिसकर्मियों को भी सुरक्षा व्यवस्था में लगाया गया है।

झारखंड के कई जिलों से भेजे जाएंगे जवान

मेले की सुरक्षा के लिए रांची, खूंटी, गुमला, सिमडेगा, सरायकेला-खरसावां, पश्चिमी सिंहभूम (चाईबासा), पलामू, लातेहार, गढ़वा, हजारीबाग, चतरा, कोडरमा, गिरिडीह, बोकारो, धनबाद और साहेबगंज सहित राज्य के विभिन्न जिलों से पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है। इसके अलावा झारखंड पुलिस अकादमी, हजारीबाग और अन्य प्रशिक्षण संस्थानों से भी जवानों को देवघर भेजा जाएगा।

20 जुलाई तक जवानों की सूची और मोबाइल नंबर भेजने का निर्देश

पुलिस मुख्यालय ने जमशेदपुर, धनबाद समेत सभी संबंधित जिलों के एसएसपी, एसपी और समादेष्टा को निर्देश दिया है कि ड्यूटी पर तैनात सभी पुलिस अधिकारियों और जवानों की सूची उनके मोबाइल नंबर के साथ 20 जुलाई 2026 तक देवघर पुलिस को उपलब्ध कराई जाए। इसका उद्देश्य मेले के दौरान बेहतर समन्वय और त्वरित संचार व्यवस्था सुनिश्चित करना है।

Samachar Post App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां। रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Meenu

Reporter  |  Samachar Post

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment