सरायकेला में मिड डे मील के दौरान स्कूल का छज्जा गिरा, तीन बच्चे घायल

Rupa Kumari | March 18, 2026 | 11:24 AM IST

Samachar Post रिपोर्टर, सरायकेला : सरायकेला जिले के खापरसाई प्राथमिक विद्यालय में मंगलवार को बड़ा हादसा टल गया, जब स्कूल भवन का छज्जा अचानक गिर पड़ा। घटना उस समय हुई जब बच्चे मिड डे मील के लिए क्लास से बाहर थे। हादसे में तीन बच्चों को हल्की चोटें आईं।

मिड डे मील के समय हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, स्कूल में उस दिन 27 बच्चे उपस्थित थे। मध्यान्न भोजन की घंटी बजते ही सभी बच्चे वाशरूम और रसोईघर की ओर चले गए। इसी दौरान भवन के बाहरी हिस्से का छज्जा भरभरा कर गिर गया। दो कमरों वाले इस स्कूल में अक्सर बच्चे बरामदे में भी बैठते हैं, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

यह भी पढ़ें: 26 अप्रैल को होगी झारखंड B.Ed एंट्रेंस परीक्षा, जमशेदपुर में 9 केंद्रों पर 6000+ अभ्यर्थी देंगे एग्जाम

तीन बच्चे घायल

हादसे में मुस्कान बारला (11), रेशमी बारला (9) और सोनाली जामुदा (7) को हल्की चोटें आईं। प्राथमिक उपचार के बाद सभी बच्चों को घर भेज दिया गया।

डर के साए में पढ़ाई

घटना के बाद बच्चे स्कूल भवन के अंदर जाने से डर रहे हैं। मिड डे मील के बाद बच्चों ने पेड़ के नीचे बैठकर पढ़ाई की। शिक्षिका भी बाहर दरी बिछाकर पढ़ाती नजर आईं।

जर्जर भवन बना खतरा

ग्रामीणों के मुताबिक, खापरसाई प्राथमिक विद्यालय का भवन करीब 38-40 साल पुराना है। इसकी स्थापना 1985 में हुई थी और पिछले कई वर्षों से यह जर्जर हालत में है। बरसात के मौसम में स्थिति और खराब हो जाती है।

बारिश से कमजोर हुआ छज्जा

रविवार और सोमवार को हुई हल्की बारिश के कारण दीवारों में नमी आ गई, जिससे छज्जा कमजोर होकर गिर गया। स्कूल में कक्षा 1 से 5 तक पढ़ाई होती है और कुल 28 छात्र नामांकित हैं।

पहले भी दी गई थी चेतावनी

स्कूल की प्रधानाध्यापिका ने करीब सात महीने पहले ही विभाग को भवन की खराब स्थिति की जानकारी दी थी। पत्र में बताया गया था कि बरसात में छत से पानी टपकता है और प्लास्टर गिरता रहता है। वैकल्पिक व्यवस्था के तौर पर पंचायत भवन में कक्षाएं चलाने का सुझाव भी दिया गया था, लेकिन इस पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

Share this news

संबंधित खबरें