मोबाइल दुकान में चोरी का खुलासा, 4 नाबालिगों को पुलिस ने पकड़ा; कई सामान बरामद

Rupa Kumari | July 11, 2026 | 02:13 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, सरायकेला-खरसावां : आदित्यपुर के आरआईटी थाना क्षेत्र में मोबाइल दुकान में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मामले में चार नाबालिगों को पकड़ा गया है। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने चोरी किए गए कई इलेक्ट्रॉनिक सामान बरामद किए हैं। हालांकि कुछ सामान अभी भी बरामद नहीं हो सके हैं, जिनकी तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस के अनुसार, 8 जुलाई 2026 की रात रोड नंबर-06 स्थित श्रेया इंटरप्राइजेज मोबाइल दुकान का शटर तोड़कर चोर अंदर घुस गए थे। चोर दुकान से पांच स्मार्टफोन, दो पावर बैंक, एक ब्लूटूथ स्पीकर, एक ईयरबड और करीब चार हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए थे। घटना के बाद दुकान संचालक नीरज प्रसाद ने आरआईटी थाना में अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी।

विशेष टीम बनाकर शुरू की गई जांच

मामले की गंभीरता को देखते हुए आरआईटी थाना प्रभारी रविकांत पराशर के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया। पुलिस ने तकनीकी जांच, सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय स्तर पर जुटाई गई सूचनाओं के आधार पर कार्रवाई करते हुए चार विधि-विरुद्ध किशोरों को निरुद्ध किया। पूछताछ के दौरान किशोरों ने चोरी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की, जिसके बाद उनकी निशानदेही पर पुलिस ने चोरी का सामान बरामद किया।

पांच स्मार्टफोन समेत कई सामान जब्त

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी किए गए पांच स्मार्टफोन, दो पावर बैंक और एक ब्लूटूथ स्पीकर बरामद कर जब्त कर लिया है। हालांकि चोरी गया ईयरबड, नकद राशि और कुछ अन्य सामान अब तक बरामद नहीं हो सके हैं। अधिकारियों का कहना है कि बाकी सामान की बरामदगी के लिए लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है।

यह भी पढ़ें: गिरिडीह के युवक का शव बिहार के जंगल में मिलने से हड़कंप, हत्या के आरोप में ग्रामीणों ने किया सड़क जाम

किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष किया गया पेश

पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद सभी चारों नाबालिगों को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत कर दिया है। मामले की जांच अभी जारी है और पुलिस चोरी की घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल कर रही है। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में चोरी और अन्य आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए निगरानी बढ़ाई गई है तथा ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई जारी रहेगी।

Share this news

संबंधित खबरें