Samachar Post रिपोर्टर, गिरिडीह : जिले के जमुआ थाना क्षेत्र के भीखोडीह निवासी नीरज हाजरा का शव बिहार के जमुई जिले स्थित बिचकोड़वा जंगल से बरामद होने के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। नीरज 4 जुलाई से लापता थे और कई दिनों की तलाश के बाद उनका शव मिलने से परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया है। घटना के विरोध में शनिवार सुबह से ही परिजनों और ग्रामीणों ने जमुआ-पचंबा मुख्य मार्ग को चित्राडीह पहाड़ी के समीप जाम कर दिया। सड़क जाम के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया।
हत्या की आशंका, दोषियों की गिरफ्तारी की मांग
मृतक के परिजनों का आरोप है कि नीरज हाजरा की हत्या की गई है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच, दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी और आरोपियों को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि युवक की मौत सामान्य परिस्थितियों में नहीं हुई है और पूरे मामले की गहन जांच की जानी चाहिए ताकि घटना की सच्चाई सामने आ सके।

पुलिस ने संभाला मोर्चा
स्थिति को नियंत्रित करने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए घटनास्थल पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। जमुआ पुलिस इंस्पेक्टर प्रदीप दास स्वयं मौके पर पहुंचकर प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर रहे हैं और जाम समाप्त कराने का प्रयास कर रहे हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। घटना की गंभीरता को देखते हुए जमुआ के पूर्व विधायक केदार हाजरा और भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के नेता कामेश्वर पासवान भी मौके पर पहुंचे। दोनों नेताओं ने परिजनों से मुलाकात कर उन्हें न्याय दिलाने का भरोसा दिया।
यह भी पढ़ें: झारखंड उत्पाद सिपाही परीक्षा धांधली मामले में 2400 पन्नों की चार्जशीट दाखिल, 169 आरोपी नामजद
जांच जारी, क्षेत्र में तनावपूर्ण शांति
फिलहाल प्रशासन और ग्रामीणों के बीच वार्ता जारी है। क्षेत्र में तनावपूर्ण लेकिन नियंत्रित स्थिति बनी हुई है। पुलिस शव बरामदगी से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

