Samachar Post रिपोर्टर, रांची : झारखंड के पूर्व वित्त मंत्री रामेश्वर उरांव के पुत्र रोहित उरांव सोमवार को निर्धारित समय पर रांची स्थित ईडी के क्षेत्रीय कार्यालय पहुंचे। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद जांच एजेंसी ने उनसे पूछताछ शुरू कर दी है।जानकारी के अनुसार, ईडी कथित शराब घोटाला मामले की जांच के दौरान विभिन्न पहलुओं की पड़ताल कर रही है। इसी क्रम में एजेंसी ने रोहित उरांव को दूसरा समन जारी कर 6 जुलाई को पूछताछ के लिए उपस्थित होने का निर्देश दिया था। बताया जा रहा है कि यह जांच कथित तौर पर योगेंद्र तिवारी से जुड़े मामलों से संबंधित है, जिसकी जांच ईडी कर रही है।
पहले समन पर मांगा था समय
इससे पहले ईडी ने रोहित उरांव को 29 जून और रामेश्वर उरांव को 30 जून को पूछताछ के लिए बुलाया था। हालांकि दोनों की ओर से अतिरिक्त समय की मांग की गई थी। सूत्रों के अनुसार, उन्होंने लगभग तीन सप्ताह का समय मांगा था। ईडी ने अनुरोध पर विचार करते हुए सीमित समय की मोहलत दी और नए समन जारी किए। इसके तहत रोहित उरांव को 6 जुलाई तथा रामेश्वर उरांव को 7 जुलाई को एजेंसी के समक्ष उपस्थित होने को कहा गया।

यह भी पढ़ें: धनबाद में भीषण सड़क हादसा: 8 लेन सड़क पर हाइवा और कार की टक्कर, चालक गंभीर घायल
आज रामेश्वर उरांव से भी होगी पूछताछ
ईडी ने पूर्व मंत्री रामेश्वर उरांव को भी इसी मामले में 7 जुलाई को पूछताछ के लिए तलब किया है। अब सबकी नजर इस बात पर है कि जांच एजेंसी की पूछताछ में कौन-सी नई जानकारियां सामने आती हैं। फिलहाल रोहित उरांव से ईडी कार्यालय में पूछताछ जारी है और एजेंसी मामले से जुड़े दस्तावेजों तथा अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

