Samachar Post रिपोर्टर, रांची : ओरमांझी थाना क्षेत्र के कुच्चू स्थित बरवे रेस्क्यू सेंटर के पास बुधवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में नौवीं कक्षा के छात्र की मौत हो गई। तेज रफ्तार हाइवा की चपेट में आने से छात्र ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया और ग्रामीणों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान दिलसाद अंसारी के रूप में हुई है, जो डहु गांव निवासी एजाज अंसारी का पुत्र था। वह ओरमांझी स्थित एसएस प्लस टू उच्च विद्यालय में नौवीं कक्षा का छात्र था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कुच्चू स्थित बरवे रेस्क्यू सेंटर के समीप सड़क किनारे खड़े दिलसाद को तेज रफ्तार हाइवा (बीआर 02 क्यू 7536) ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि छात्र की मौके पर ही मौत हो गई।
ग्रामीणों ने पीछा कर पकड़ा चालक
हादसे के बाद चालक वाहन लेकर घटनास्थल से फरार हो गया। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने हाइवा का पीछा किया और लॉक चौक के पास वाहन को रोक लिया। इसके बाद चालक को पकड़ लिया गया। स्थानीय लोगों के अनुसार, भागने के दौरान हाइवा ने सिलदीरी गांव के पास एक बिजली के खंभे को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना के बाद क्षेत्र में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

शव के साथ सड़क पर उतरे ग्रामीण
छात्र की मौत से नाराज ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। प्रदर्शनकारियों ने मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने और दुर्घटनास्थल पर स्पीड ब्रेकर निर्माण की मांग की। ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार के कारण आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। उन्होंने प्रशासन से सड़क सुरक्षा के स्थायी उपाय करने की मांग की।
यह भी पढ़ें: टाइगर नाइट्स ने रचा इतिहास, लगातार तीसरी बार बना JGL चैंपियन; सडन-डेथ में ईगल आई को हराया
मौके पर पहुंची पुलिस, समझाने का प्रयास
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर स्थिति को शांत कराने का प्रयास किया। हालांकि देर रात तक ग्रामीण अपनी मांगों पर अड़े रहे और प्रदर्शन जारी रहा। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। दुर्घटनाग्रस्त हाइवा को कब्जे में ले लिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

