Samachar Post रिपोर्टर, रांची : राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) के निदेशक प्रो. डॉ. डी. के. सिन्हा ने मंगलवार को सेंट्रल किचन और मेडिसिन विभाग का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं की समीक्षा की। इस दौरान चिकित्सा अधीक्षक प्रो. डॉ. हिरेन्द्र बिरुआ समेत कई अधिकारी उपस्थित रहे। सेंट्रल किचन के निरीक्षण के दौरान निदेशक ने भोजन तैयार करने की प्रक्रिया, रसोई की स्वच्छता, खाद्य सामग्री के भंडारण, भोजन वितरण व्यवस्था तथा संबंधित अभिलेखों की जांच की। उन्होंने मरीजों को उपलब्ध कराए जा रहे भोजन की गुणवत्ता और मात्रा का भी आकलन किया।
सफाई व्यवस्था पर सख्ती
निरीक्षण में रसोई के कुछ हिस्सों में साफ-सफाई संतोषजनक नहीं मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारियों व एजेंसी को स्वच्छता तथा खाद्य सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि मरीजों के स्वास्थ्य से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। डॉ. सिन्हा ने कर्मचारियों की उपस्थिति पंजी की भी जांच की और रिकॉर्ड को नियमित रूप से अद्यतन रखने के निर्देश दिए। उन्होंने चेतावनी दी कि लापरवाही पाए जाने पर संबंधित कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें: 14वीं JPSC सिविल सेवा परीक्षा के रिजल्ट पर लगी रोक हटी, जानें क्या था पूरा विवाद
मेडिसिन विभाग की व्यवस्थाओं की समीक्षा
इसके बाद उन्होंने मेडिसिन विभाग का निरीक्षण किया और वहां की कार्यप्रणाली, मरीजों को मिल रही चिकित्सा सुविधाओं तथा प्रशासनिक व्यवस्था की समीक्षा की। निरीक्षण के समय विभागाध्यक्ष अवकाश पर थे। निदेशक ने उपस्थित चिकित्सकों एवं अधिकारियों से विभाग की चुनौतियों, संसाधनों की उपलब्धता और मरीजों की बढ़ती संख्या को लेकर चर्चा की। उन्होंने चिकित्सकों से मरीजों को समय पर, संवेदनशील और गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराने के लिए समन्वित रूप से कार्य करने की अपील की। डॉ. सिन्हा ने कहा कि मेडिसिन विभाग किसी भी अस्पताल की आधारशिला होता है, क्योंकि अधिकांश मरीजों का उपचार यहीं से प्रारंभ होता है। ऐसे में विभाग को संसाधनों और सुविधाओं के लिहाज से मजबूत बनाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि रिम्स प्रशासन मरीजों को बेहतर, सुलभ और समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

