14वीं JPSC सिविल सेवा परीक्षा के रिजल्ट पर लगी रोक हटी, जानें क्या था पूरा विवाद

Meenu | July 1, 2026 | 12:05 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर,रांची :झारखंड संयुक्त सिविल सेवा प्रतियोगिता परीक्षा-2026 के अभ्यर्थियों के लिए बड़ी राहत की खबर सामने आई है। झारखंड हाईकोर्ट ने 14वीं JPSC सिविल सेवा परीक्षा के परिणाम पर लगी रोक हटा दी है। जस्टिस दीपक रोशन की अदालत ने प्रार्थी किशोर मंडल की ओर से दायर याचिका का निपटारा करते हुए रिजल्ट जारी करने का रास्ता साफ कर दिया। यह मामला परीक्षा में आयु सीमा में छूट और कट-ऑफ वर्ष तय करने को लेकर विवाद से जुड़ा था।

यह भी पढ़ें :DD बार हत्याकांड के बाद जमशेदपुर में निषेधाज्ञा लागू, कई थाना क्षेत्रों में धारा 163 प्रभावी

क्या था पूरा विवाद?

दरअसल, JPSC विज्ञापन में आयु सीमा के लिए 1 अगस्त 2025 की कट-ऑफ तिथि तय की गई थी। कुछ अभ्यर्थियों ने इसे चुनौती देते हुए मांग की थी कि आयु सीमा वर्ष 2018 के आधार पर तय की जाए। अभ्यर्थियों का कहना था कि भर्ती प्रक्रिया में देरी होने के कारण उन्हें आयु सीमा में अतिरिक्त छूट मिलनी चाहिए। इसी को लेकर हाईकोर्ट में याचिका दायर की गई थी। सुनवाई के दौरान राज्य सरकार ने अदालत को बताया कि अभ्यर्थियों को राहत देते हुए आयु सीमा में छूट दी गई है और कट-ऑफ वर्ष 2022 तय किया गया है। अदालत ने माना कि आयु सीमा में छूट देने का अधिकार राज्य सरकार के पास है, न कि JPSC के पास। इसी आधार पर कोर्ट ने वर्ष 2022 की कट-ऑफ तिथि को वैध माना। हाईकोर्ट ने निर्देश दिया कि केवल उन्हीं अभ्यर्थियों को परीक्षा परिणाम में शामिल किया जाए, जो वर्ष 2022 की आयु सीमा के दायरे में आते हैं।

OBC अभ्यर्थियों को लेकर भी हुई सुनवाई

सुनवाई के दौरान अदालत ने यह भी बताया कि पहले OBC अभ्यर्थियों के आवेदन हार्ड कॉपी में स्वीकार करने और उन्हें प्रारंभिक परीक्षा में शामिल होने की अनुमति दी गई थी, लेकिन उनके रिजल्ट के प्रकाशन पर रोक लगाई गई थी। अब कोर्ट के फैसले के बाद रिजल्ट जारी करने की प्रक्रिया आगे बढ़ सकेगी।

2018 कट-ऑफ की मांग करने वालों को राहत नहीं

जिन अभ्यर्थियों ने वर्ष 2018 को आधार बनाकर आयु सीमा तय करने की मांग की थी, उन्हें अदालत से राहत नहीं मिली। कोर्ट ने स्पष्ट कर दिया कि राज्य सरकार द्वारा तय 2022 कट-ऑफ ही लागू रहेगा। इस फैसले के बाद अब 14वीं JPSC सिविल सेवा परीक्षा-2026 का रिजल्ट जल्द जारी होने की संभावना बढ़ गई है। हाईकोर्ट के आदेश के बाद JPSC परीक्षा परिणाम जारी करने में आ रही कानूनी बाधा खत्म हो गई है। अब अभ्यर्थियों को आयोग की ओर से रिजल्ट जारी होने का इंतजार है।

Share this news

संबंधित खबरें