रांची में दर्दनाक हादसा: बंद कमरे में दम घुटने से मां-बेटे की मौत, दो किशोरियां गंभीर

Samachar Post रिपोर्टर, रांची : राजधानी रांची के रातू थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। चटकपुर शांति नगर पोखर टोला स्थित एक किराए के मकान में बंद कमरे के अंदर दम घुटने से एक महिला और उसके ढाई वर्षीय बेटे की मौत हो गई, जबकि दो किशोरियों की हालत गंभीर बनी हुई है। दोनों का इलाज अस्पताल में चल रहा है।

सुबह कमरे का दरवाजा नहीं खुलने पर हुआ खुलासा

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुलने पर पड़ोसियों को संदेह हुआ। कई बार आवाज देने और दरवाजा खटखटाने के बावजूद अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर स्थानीय लोगों ने मकान की छत का एस्बेस्टस हटाकर कमरे में प्रवेश किया। अंदर का दृश्य देखकर सभी स्तब्ध रह गए। कमरे में महिला और उसका मासूम बेटा अचेत अवस्था में पड़े थे, जबकि दो अन्य किशोरियां गंभीर हालत में मिलीं। इसके बाद तत्काल पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी गई।

मृतकों की हुई पहचान

हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान पिंकी देवी (32 वर्ष) और उनके ढाई वर्षीय बेटे श्रवण कुमार के रूप में हुई है। वहीं, चंदा कुमारी (15 वर्ष) और प्राची कुमारी को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है। पीड़ित परिवार मूल रूप से बिहार के छपरा जिले के महमदा गांव का निवासी बताया गया है। परिवार पिछले करीब ढाई वर्षों से रांची के चटकपुर शांति नगर में किराए के मकान में रह रहा था। परिवार की आर्थिक स्थिति सामान्य थी और सभी मेहनत-मजदूरी कर जीवनयापन करते थे।

यह भी पढ़ें : झारखंड सरकार की बड़ी कार्रवाई: गृह विभाग की संयुक्त सचिव मनीषा जोसेफ तिग्गा निलंबित

प्रारंभिक जांच में दम घुटने की आशंका

घटना की सूचना मिलने पर रातू थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में बंद कमरे में कोयले के चूल्हे से निकले धुएं के कारण दम घुटने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य जांच के बाद ही मौत के सही कारणों की पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है।

संबंधित खबरें