रांची में लापता भाई-बहन चर्च से सकुशल बरामद, धूप में खेलने पर डांट के बाद घर से निकले थे बच्चे

Rupa Kumari | May 27, 2026 | 04:39 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, रांची: रांची के जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र स्थित पटेल नगर सेक्टर-1, धुर्वा से लापता हुए दो बच्चों को पुलिस ने सकुशल बरामद कर लिया है। दोनों बच्चे तुपुदाना के एक चर्च से मिले। जानकारी के अनुसार, 6 वर्षीय युवांश महतो और 10 वर्षीय रोशनि कुमारी 25 मई को घर से निकल गए थे। बताया गया कि दोपहर में तेज धूप में खेलने पर मां ने उन्हें डांटा था, जिससे नाराज होकर दोनों बच्चे घर से बाहर चले गए।

शिकायत के बाद शुरू हुई बड़े स्तर पर तलाश

बच्चों के देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने आसपास खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद पिता ने जगन्नाथपुर थाना में शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीम गठित की और कई थानों की पुलिस को सर्च अभियान में लगाया गया। इसमें जगन्नाथपुर, धुर्वा, अरगोड़ा, डोरंडा, डेली मार्केट, लोअर बाजार थाना सहित तुपुदाना और पुंदाग ओपी की टीम शामिल रही।

यह भी पढ़ें: खूंटी डबल मर्डर का खुलासा, आपसी रंजिश में दो किशोरों की हत्या; तीन आरोपी गिरफ्तार

CCTV और तकनीकी जांच से मिला सुराग

पुलिस ने आसपास के CCTV फुटेज खंगाले और तकनीकी जांच के आधार पर बच्चों की तलाश तेज की। गुप्त सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने तुपुदाना के चांद गांव स्थित चर्च से दोनों बच्चों को सुरक्षित बरामद कर लिया। तुपुदाना से बरामदगी के बाद परिवार ने राहत की सांस ली। फिलहाल पुलिस दोनों बच्चों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि वे चर्च तक कैसे पहुंचे। मामले की आगे जांच जारी है।

Share this news

संबंधित खबरें