रांची के तुपुदाना में दो नाबालिगों से कथित सामूहिक दुष्कर्म, छह आरोपी गिरफ्तार

Meenu | July 13, 2026 | 02:45 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, रांची : राजधानी रांची के तुपुदाना ओपी क्षेत्र में दो नाबालिग लड़कियों के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों से पूछताछ जारी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए रांची के सिटी एसपी पारस राणा स्वयं तुपुदाना ओपी पहुंचकर जांच की निगरानी कर रहे हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले का विस्तृत खुलासा जल्द किया जाएगा।

यह भी पढ़ें : रांची में पंचायतों और SHG के समन्वय पर दो दिवसीय कार्यशाला शुरू, ग्रामीण विकास को मिलेगी नई दिशा

घूमने के दौरान कथित तौर पर किया गया अपहरण

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक दोनों नाबालिग लड़कियां लटमा इलाके की रहने वाली हैं। आरोप है कि सेल सिटी की ओर घूमने के दौरान कुछ युवकों ने उनका अपहरण कर लिया और उन्हें तुपुदाना के इंसलरी स्थित एक होटल में ले गए। आरोपियों पर वहां दोनों लड़कियों के साथ रातभर सामूहिक दुष्कर्म करने का आरोप है। बताया जा रहा है कि पीड़िताओं में से एक किसी तरह आरोपियों के चंगुल से निकलकर पुलिस तक पहुंची और पूरी घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल उनसे तुपुदाना ओपी और धुर्वा थाना में पूछताछ की जा रही है।

होटल प्रबंधन से भी की जा रही पूछताछ

घटना की जानकारी मिलने के बाद हटिया डीएसपी नीरज कुमार, धुर्वा थाना प्रभारी अनिल तिवारी और तुपुदाना ओपी प्रभारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दूसरी नाबालिग को भी सुरक्षित संरक्षण में लिया। जांच के दौरान संबंधित होटल के मैनेजर और कर्मचारियों से भी पूछताछ की जा रही है, ताकि घटना के सभी पहलुओं की जानकारी जुटाई जा सके।

POCSO एक्ट के तहत दर्ज हुई प्राथमिकी

दोनों नाबालिग पीड़िताओं को मेडिकल जांच के लिए सदर अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने POCSO एक्ट सहित अन्य संबंधित धाराओं के तहत धुर्वा थाना (तुपुदाना ओपी) में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। मामले की विस्तृत जांच जारी है और पुलिस सभी तथ्यों की जांच कर रही है।

Share this news

संबंधित खबरें