सदर हॉस्पिटल में लगेगी डिजिटल पेट-सीटी स्कैन मशीन, कैंसर मरीजों को बड़ी राहत

  • झारखंड का पहला जिला स्तरीय सरकारी अस्पताल बनेगा रांची सदर

Samachar Post रिपोर्टर, रांची : राजधानी रांची का सदर हॉस्पिटल अब हाईटेक मेडिकल सुविधाओं से लैस होने जा रहा है। यहां जल्द ही डिजिटल पेट-सीटी स्कैन मशीन लगाई जाएगी, जिससे कैंसर जैसी गंभीर बीमारी की जांच अब सरकारी स्तर पर संभव होगी। यह देश का पहला जिला स्तरीय सरकारी अस्पताल होगा, जहां इस तरह की आधुनिक मशीन उपलब्ध होगी।

कैंसर जांच में होगी बड़ी मदद

  • पेट-सीटी स्कैन से कैंसर के स्टेज, फैलाव और इलाज की प्रभावशीलता की सटीक जानकारी मिलती है।
  • अभी तक मरीजों को यह जांच कराने के लिए प्राइवेट लैब्स या दूसरे राज्यों पर निर्भर रहना पड़ता था।
  • प्राइवेट लैब्स में पूरे शरीर की जांच का खर्च ₹18,000 से ₹24,000 तक होता है।
  • मरीजों को हर 3-6 महीने पर यह जांच करानी पड़ती है, जिससे आर्थिक बोझ बढ़ जाता है।
  • सरकारी अस्पताल में सुविधा शुरू होने पर गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों को बड़ी राहत मिलेगी।

अन्य बीमारियों की पहचान में भी कारगर

हालांकि यह मशीन मुख्य रूप से कैंसर जांच के लिए उपयोगी है, लेकिन न्यूरो और हृदय रोगों की पहचान में भी अहम भूमिका निभाएगी। डॉक्टरों को मरीज की स्थिति की सटीक जानकारी मिलने से इलाज और ज्यादा बेहतर हो सकेगा।

यह भी पढ़ें : झारखंड विधानसभा : विपक्ष और सत्ता पक्ष दोनों पहुंचे वेल में, हंगामे के बीच सदन 12:30 बजे तक स्थगित

सरकारी अस्पताल में पहली बार सुविधा

अब तक झारखंड के किसी भी सरकारी जिला अस्पताल में यह जांच सुविधा उपलब्ध नहीं थी। सदर हॉस्पिटल में सुविधा शुरू होने से न केवल झारखंड बल्कि आसपास के राज्यों के मरीजों को भी लाभ मिलेगा।

राज्य के हेल्थ स्ट्रक्चर को मिलेगी मजबूती

विशेषज्ञों का मानना है कि सरकारी अस्पताल में हाईटेक जांच मशीन लगने से न सिर्फ मरीजों को सस्ती जांच की सुविधा मिलेगी, बल्कि राज्य की स्वास्थ्य सेवाओं को भी मजबूती मिलेगी।
सदर हॉस्पिटल की सुविधाओं को देखकर अन्य राज्य भी इसे फॉलो करने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।

Share this news

संबंधित खबरें