रांची पुलिस ने ओरमांझी में अवैध विस्फोटक का बड़ा जखीरा जब्त

Rupa Kumari | November 20, 2025 | 10:46 AM IST

Samachar Post रिपोर्टर, रांची: रांची के ओरमांझी थाना क्षेत्र में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मंगलवार देर रात पिस्का क्रशर मंडी के पास एक मकान में छापेमारी कर भारी मात्रा में अवैध विस्फोटक जब्त किया गया। बरामदगी में 5,000 पीस जेलेटिन स्टिक और 300 डेटोनेटर शामिल हैं। पुलिस के अनुसार यह विस्फोटक पिस्का गांव निवासी आनंद बेदिया के बताए गए मकान से मिला। पुलिस के मुताबिक, यह विस्फोटक पत्थर तोड़ने और स्टोन चिप्स बनाने के लिए इस्तेमाल किया जाना था। छापेमारी के दौरान अंधेरे का फायदा उठाकर दो युवक मौके से भाग गए। उनकी पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। यह कार्रवाई एसएसपी राकेश रंजन को मिली गुप्त सूचना के आधार पर की गई। ऑपरेशन का नेतृत्व सिल्ली डीएसपी ने किया, जबकि ओरमांझी पुलिस की टीम ने मकान पर कार्रवाई अंजाम दी। पुलिस अब मकान मालिक आनंद बेदिया समेत अवैध धंधे के अन्य मुख्य आरोपी की तलाश कर रही है।

यह भी पढ़ें: रांची: 70 जगहों पर पुलिस का अड्डेबाजी विरोधी अभियान, 183 लोग पकड़े गए

सूचना मिली है कि इस जगह से विस्फोटक की बिक्री भी होती थी और इसे ओरमांझी के अलावा अन्य स्थानों पर भी भेजा जाता था। पुलिस पूरे नेटवर्क की तहकीकात में जुटी है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

Share this news

संबंधित खबरें