रांची पुलिस को बड़ी सफलता, शादी में शामिल होने से पहले दबोचा गया 1 लाख का इनामी अमृत होरो

Meenu | May 28, 2026 | 10:29 AM IST

Samachar Post रिपोर्टर,रांची :प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन पीएलएफआई (PLFI) के हेड अमृत होरो को रांची पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। देर रात पुलिस की क्विक रिस्पांस टीम (QRT) ने गुप्त सूचना के आधार पर जमाकेल गांव में कार्रवाई करते हुए उसे दबोच लिया। अमृत होरो पर झारखंड सरकार ने 1 लाख रुपये का इनाम घोषित कर रखा था। फिलहाल पुलिस उसे गुप्त स्थान पर रखकर पूछताछ कर रही है। अमृत होरो की गिरफ्तारी को पीएलएफआई संगठन के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है।

शादी समारोह में पहुंचने वाला था अमृत होरो

सूत्रों के मुताबिक अमृत होरो लंबे समय से पुलिस से बचने के लिए रांची-खूंटी सीमावर्ती इलाकों में लगातार ठिकाना बदल रहा था। इसी बीच रांची एसएसपी को सूचना मिली कि वह जमाकेल गांव में एक शादी समारोह में शामिल होने आने वाला है। सूचना मिलते ही QRT टीम ने इलाके की घेराबंदी कर रणनीतिक तरीके से कार्रवाई की। पुलिस ने अमृत होरो को शादी समारोह में पहुंचने से पहले ही गिरफ्तार कर लिया।

रांची और खूंटी में दर्ज हैं कई मामले

अमृत होरो के खिलाफ रांची और खूंटी जिले के विभिन्न थानों में कई गंभीर मामले दर्ज हैं। इनमें लेवी वसूली, फायरिंग, आगजनी और पुलिस मुठभेड़ जैसे केस शामिल हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार रांची पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। इसके बाद खूंटी पुलिस भी उससे अलग-अलग मामलों में पूछताछ कर सकती है।

पुलिस को मिल सकती हैं कई अहम जानकारियां

अमृत होरो की गिरफ्तारी के बाद पुलिस को पीएलएफआई नेटवर्क, लेवी वसूली और संगठन के सक्रिय सदस्यों से जुड़ी कई महत्वपूर्ण जानकारियां मिलने की उम्मीद है। सुरक्षा एजेंसियां इसे बड़ी उपलब्धि मान रही हैं।

Share this news

संबंधित खबरें