राजधानी में बबलू सोनार के घर चली गोली, कुख्यात आजाद सरकार ने ली जिम्मेदारी

Rupa Kumari | December 20, 2025 | 03:45 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, रांची : झारखंड की राजधानी रांची के नगड़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत ध्रुव पत्राटोली में देर रात फायरिंग की सनसनीखेज घटना सामने आई है। अज्ञात अपराधियों ने बबलू सोनार के घर को निशाना बनाकर गोलीबारी की, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई। घटना रात करीब 12 बजे की बताई जा रही है। गनीमत रही कि इस फायरिंग में कोई हताहत नहीं हुआ।

सोशल मीडिया पर धमकी भरा प्रेस रिलीज वायरल

घटना के बाद सोशल मीडिया पर एक धमकी भरा प्रेस रिलीज तेजी से वायरल हुआ। यह रिलीज कुख्यात राहुल सिंह गैंग के सदस्य आजाद सरकार के नाम से जारी बताया जा रहा है। वायरल संदेश में आजाद सरकार ने फायरिंग की जिम्मेदारी लेते हुए दावा किया है कि उसके गुर्गों ने बबलू सोनार के घर के बाहर गोली चलाई।

यह भी पढ़ें: रामगढ़ में घरेलू विवाद ने लिया हिंसक रूप, पत्नी ने पति की कुल्हाड़ी से की हत्या, नशे में मारपीट से परेशान थी पत्नी

भविष्य में गंभीर परिणाम की चेतावनी

प्रेस रिलीज में बबलू सोनार को खुलेआम धमकी दी गई है। संदेश में कहा गया है कि यदि उसकी बातों को गंभीरता से नहीं लिया गया, तो आगे और भी गंभीर परिणाम भुगतने पड़ सकते हैं। पुलिस इस प्रेस रिलीज की सत्यता और इसके पीछे सक्रिय गिरोह की भूमिका की जांच कर रही है।

पुलिस ने बढ़ाई सुरक्षा, जांच जारी

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू की। पूरे इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है।

इलाके में दहशत, पुलिस ने की शांति बनाए रखने की अपील

घटना के बाद स्थानीय लोगों में भय का माहौल है। पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और शांति बनाए रखने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Share this news

संबंधित खबरें