Samachar Post रिपोर्टर, रांची : राजधानी रांची के कांके थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक बड़ा हादसा टल गया। बुकरू चौक के पास तेज रफ्तार और अनियंत्रित पिकअप वैन ने सड़क किनारे खड़ी डीएवी स्कूल की बस में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के समय बस में स्कूली बच्चे सवार थे। दुर्घटना में एक बच्चे को हल्की चोट लगी है, जबकि अन्य बच्चे बाल-बाल बच गए। घटना सुबह करीब 7 बजे की बताई जा रही है। टक्कर के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोग और राहगीर तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति को संभाला।
टक्कर इतनी जोरदार कि बस में बैठे बच्चे को लगी चोट
प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, पिकअप वैन तेज रफ्तार में थी और चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। इसके बाद वैन ने सड़क किनारे खड़ी स्कूल बस को टक्कर मार दी। टक्कर के दौरान बस में बैठे एक बच्चे को हल्की चोट आई। अन्य बच्चों को किसी तरह की गंभीर चोट की सूचना नहीं है। हादसे के बाद बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए। स्थानीय लोगों ने बच्चों को संभाला और स्थिति को सामान्य करने में मदद की।
बुकरू चौक पर स्पीड ब्रेकर की मांग
स्थानीय निवासियों का कहना है कि बुकरू चौक और आसपास के इलाके में वाहनों की रफ्तार अक्सर काफी अधिक रहती है। चालक कई बार यातायात नियमों की अनदेखी करते हुए तेज गति से वाहन चलाते हैं। इससे इस मार्ग पर दुर्घटना का खतरा बना रहता है। ग्रामीणों के मुताबिक, इस सड़क पर पहले भी तेज रफ्तार के कारण कई छोटी-बड़ी दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। स्थानीय लोग लंबे समय से बुकरू चौक पर स्पीड ब्रेकर बनाने की मांग जिला प्रशासन और पुलिस से करते आ रहे हैं। लोगों का कहना है कि स्कूल बसों और बच्चों की आवाजाही को देखते हुए इस इलाके में यातायात नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाने की जरूरत है।




















