मौसमक्रिकेटहेल्थक्राइमस्पोर्ट्सबॉलीवुडएजुकेशनबिजनेसलाइफस्टाइलदेशविदेश

रांची के डार्लिंग अपार्टमेंट में दिनदहाड़े चोरी, 20 लाख के जेवर और नकदी लेकर फरार हुए बदमाश

--Advertisment--

Samachar Post रिपोर्टर, रांची :झारखंड की राजधानी रांची में दिनदहाड़े चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है। पंडरा ओपी क्षेत्र के इटकी रोड स्थित डार्लिंग अपार्टमेंट में बदमाशों ने एक फ्लैट का ताला तोड़कर करीब 20 लाख रुपये के जेवरात और 50 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए। पूरी घटना कुछ ही मिनटों में हुई और आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उनकी पहचान करने में जुटी है।

महज सात मिनट में दिया चोरी को अंजाम

जानकारी के मुताबिक, फ्लैट मालिक उमेश अग्रवाल लोहरदगा में व्यवसाय करते हैं। घटना के समय उनकी पत्नी घर में ताला लगाकर मिठाई खरीदने बाजार गई थीं। वह सुबह करीब 11:40 बजे घर से निकलीं और लगभग 12:10 बजे वापस लौटीं। लौटने पर उन्होंने देखा कि फ्लैट का मुख्य ताला टूटा हुआ है। घर के अंदर अलमारी खुली हुई थी और सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर पता चला कि घर से लाखों रुपये के जेवरात और करीब 50 हजार रुपये नकद गायब थे। चोर गहनों के खाली डिब्बे बेड पर छोड़ गए थे। कमरे से दो बड़े स्क्रू ड्राइवर भी बरामद हुए हैं, जिनका इस्तेमाल ताला तोड़ने में किए जाने की आशंका है।

सीसीटीवी में कैद हुए दोनों आरोपी

अपार्टमेंट में लगे सीसीटीवी कैमरों में दो संदिग्ध युवक स्पष्ट रूप से नजर आए हैं। दोनों की उम्र करीब 20 से 30 वर्ष के बीच बताई जा रही है। खास बात यह है कि दोनों ने न तो हेलमेट पहना था और न ही चेहरे पर मास्क लगाया था, जिससे उनकी पहचान आसान हो सकती है। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है। घटना की सूचना मिलते ही पंडरा ओपी प्रभारी विवेक सिंह मौके पर पहुंचे। इसके बाद एफएसएल और फिंगरप्रिंट विशेषज्ञों की टीम ने फ्लैट से साक्ष्य जुटाए। सिटी एसपी पारस राणा और कोतवाली एएसपी निखिल राय ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच का जायजा लिया।

केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ पहुंचे पीड़ित के घर

घटना की जानकारी मिलने के बाद केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से जल्द से जल्द मामले का खुलासा करने और आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने की बात कही। संजय सेठ ने कहा कि राजधानी रांची में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाएं कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रही हैं। उन्होंने कहा कि अपराधियों के मन से पुलिस का डर खत्म होता दिखाई दे रहा है और आम लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। उन्होंने रांची में पुलिस कमिश्नरेट प्रणाली लागू करने की मांग को भी दोहराया।

पुलिस की अपील

पुलिस ने आसपास के लोगों से अपील की है कि यदि घटना से जुड़ी कोई संदिग्ध गतिविधि या आरोपियों के बारे में कोई जानकारी हो तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश जारी है।

Samachar Post App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां। रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Meenu

Reporter  |  Samachar Post

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

और पढ़ें

Leave a Comment