रांची में युवक की आंख में गोली मारने का मामला, दो महीने बाद दर्ज हुई प्राथमिकी

Rupa Kumari | May 26, 2026 | 10:34 AM IST

Samachar Post रिपोर्टर, रांची: राजधानी रांची के चुटिया थाना क्षेत्र से गोलीबारी की एक गंभीर घटना सामने आई है। गोसाई टोली निवासी एक युवक की आंख में गोली मार दी गई, जिससे उसकी आंख की रोशनी चली गई। घटना करीब दो महीने पुरानी बताई जा रही है, लेकिन अब पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की है। पीड़ित इंदर कुमार महतो ने चुटिया थाना में दर्ज शिकायत में बताया कि 26 मार्च की दोपहर करीब साढ़े तीन बजे वह अपने घर के बाहर मौजूद थे। इसी दौरान राजा कुमार वहां पहुंचा और कथित तौर पर बिना किसी वजह के उन पर गोली चला दी। गोली सीधे उनकी बाईं आंख में लगी, जिसके बाद वह मौके पर ही गिर पड़े।

इलाज के बावजूद नहीं बच सकी आंख की रोशनी

घटना के बाद परिजन इंदर कुमार को इलाज के लिए पहले कश्यप मेमोरियल आई हॉस्पिटल ले गए। बाद में उन्हें सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। लंबे इलाज के बावजूद उनकी बाईं आंख की रोशनी नहीं बचाई जा सकी। पीड़ित का कहना है कि डॉक्टरों ने पूरी कोशिश की, लेकिन गंभीर चोट की वजह से उनकी आंख की रोशनी चली गई। इंदर कुमार ने आरोप लगाया है कि घटना के बाद आरोपी राजा कुमार और उसके पिता धनेश्वर महतो लगातार उन पर समझौते और मामला दर्ज नहीं कराने का दबाव बना रहे थे। पीड़ित के अनुसार स्वास्थ्य खराब होने और दबाव के कारण वह पहले थाना नहीं जा सके।

यह भी पढ़ें: लोहरदगा में जंगली हाथी का हमला, खेत में काम कर रही महिला की मौत

परिवार ने मांगी सुरक्षा

पीड़ित परिवार ने पुलिस से सुरक्षा की मांग की है। उनका कहना है कि आरोपी खुलेआम घूम रहा है, जिससे परिवार में डर का माहौल बना हुआ है। पुलिस की चुटिया थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जाएगी और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Share this news

संबंधित खबरें