Samachar Post रिपोर्टर, रांची : राजधानी रांची के वार्ड संख्या-6 स्थित बांधगाड़ी क्षेत्र में 2.02 एकड़ सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कर जनोपयोगी विकास की दिशा में कदम बढ़ाया गया है। इस संबंध में नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने क्षेत्र का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए हैं।निरीक्षण के दौरान अतिक्रमित भूमि को चिह्नित किया गया और अधिकारियों को जल्द कार्रवाई करते हुए जमीन खाली कराने की प्रक्रिया शुरू करने को कहा गया।
तालाब और ग्रीन पैच विकसित करने की योजना
नगर निगम की योजना के अनुसार, अतिक्रमण हटने के बाद जमीन के एक हिस्से में तालाब विकसित किया जाएगा, जबकि दूसरे हिस्से को ग्रीन पैच के रूप में विकसित किया जाएगा। इसके साथ ही पूरे क्षेत्र में स्वच्छता और साफ-सफाई की व्यवस्था को भी सुदृढ़ किया जाएगा। अधिकारियों का मानना है कि इस परियोजना से स्थानीय लोगों को पर्यावरणीय और सामाजिक दोनों स्तरों पर लाभ मिलेगा। निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने बांधगाड़ी स्थित सामुदायिक भवन और वार्ड कार्यालय का भी जायजा लिया। उन्होंने सामुदायिक भवन के सौंदर्यीकरण, आवश्यक सुविधाओं के विस्तार और परिसर में हाईमास्ट लाइट लगाने के निर्देश दिए।
यह भी पढ़ें : जमशेदपुर में गश्ती के दौरान टाइगर मोबाइल जवान पर हमला, आरोपी हिरासत में

जनहित में होगा सरकारी जमीन का उपयोग
नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने कहा कि सरकारी भूमि को अतिक्रमण से सुरक्षित रखना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य इस जमीन का उपयोग जनहित में करना है, ताकि अधिक से अधिक लोगों को इसका लाभ मिल सके। उन्होंने अधिकारियों को विकास कार्यों की रूपरेखा जल्द तैयार कर उसे धरातल पर उतारने के निर्देश भी दिए हैं।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

