55 लाख बंटवारा फायरिंग केस में बड़ा खुलासा, आरोपी सोनू यादव पटना से गिरफ्तार

Samachar Post रिपोर्टर, रांची: राजधानी रांची के चर्चित 55 लाख बंटवारा फायरिंग मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। रांची पुलिस ने आकाश सिंह और विकास सिंह पर गोली चलाने के आरोपी सोनू यादव को बिहार की राजधानी पटना से गिरफ्तार कर लिया है।

पटना के बिहटा से हुई गिरफ्तारी

जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई रांची एसएसपी राकेश रंजन को मिली गुप्त सूचना के आधार पर की गई। पुलिस टीम ने पटना के बिहटा इलाके में छापेमारी कर आरोपी को पकड़ा। बताया जा रहा है कि गिरफ्तार सोनू यादव रांची के देवी मंडप रोड इलाके का रहने वाला है। पुलिस उसे पटना से रांची ले आई है और फिलहाल गुप्त स्थान पर रखकर पूछताछ की जा रही है। गौरतलब है कि 19 जनवरी 2026 को पंडरा थाना क्षेत्र स्थित तेल मील गली में आकाश सिंह और विकास सिंह पर फायरिंग की घटना हुई थी। जांच में सामने आया कि इस वारदात में गोली चलाने वाला मुख्य आरोपी सोनू यादव ही था।

यह भी पढ़ें: पढ़ाई के दौरान दवा दुकान में नौकरी का मामला, दो फार्मासिस्टों पर कार्रवाई की तैयारी

कमल भूषण हत्याकांड से भी जुड़ा नाम

पुलिस जांच में सोनू यादव का नाम राजधानी के चर्चित कमल भूषण हत्याकांड में भी सामने आ चुका है। आरोप है कि उसने हत्या से पहले जमीन कारोबारी कमल भूषण की रेकी की थी। इसके अलावा कमल भूषण के अकाउंटेंट संजय की हत्या के मामले में भी सोनू यादव की भूमिका सामने आई थी। पुलिस के अनुसार, वह पहले भी इन मामलों में गिरफ्तार होकर जेल जा चुका है।

जल्द हो सकती है प्रेस कॉन्फ्रेंस

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, पूछताछ में कई अहम जानकारियां मिल रही हैं। रांची पुलिस जल्द प्रेसवार्ता कर पूरे मामले का खुलासा कर सकती है।

Share this news

संबंधित खबरें