Samachar Post रिपोर्टर, रांची : मांडर थाना क्षेत्र के गोरखो गांव में मंगलवार को 16 वर्षीय किशोरी शीतल खलखो की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, शीतल का पुराना मोबाइल खराब था और वह नया मोबाइल दिलाने की मांग कर रही थी। इसी बात को लेकर परिजनों से उसका विवाद हुआ था। इसके बाद उसने कथित तौर पर घर के बाहर एक पेड़ पर फंदा लगाकर जान दे दी। घटना की जानकारी बुधवार सुबह परिजनों को मिली। सूचना मिलने के बाद मांडर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
पुलिस ने मृत्यु समीक्षा रिपोर्ट तैयार करने के बाद आवश्यक प्रक्रिया पूरी की और शव को पोस्टमार्टम के लिए रिम्स, रांची भेज दिया। मामले में पुलिस की ओर से आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। मोबाइल को लेकर विवाद को किशोरी की मौत से जोड़कर देखा जा रहा है, हालांकि घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही होगी।

यह भी पढ़ें : अभय तिवारी की रिमांड 3 दिन और बढ़ी, पत्नी और भाई न्यायिक हिरासत में भेजे गए
रोजगार के लिए बाहर हैं माता-पिता
बताया गया कि शीतल के माता-पिता पिछले कुछ महीनों से रोजगार के सिलसिले में घर से बाहर रह रहे हैं। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। परिवार के लिए यह बेहद दुखद घटना है। किसी भी परेशानी या भावनात्मक संकट की स्थिति में बच्चों और किशोरों को अकेला न छोड़ना तथा समय रहते भरोसेमंद व्यक्ति, परिवार या मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ से मदद लेना जरूरी है।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

