- औरंगाबाद में प्रेस वार्ता के दौरान सरकार को दिया अल्टीमेटम, कहा– मई 2026 तक जनता से किए वादे पूरे करे सरकार
Samachar Post डेस्क,बिहार :प्रशांत किशोरअपनी बिहार नवनिर्माण यात्रा के दौरान बुधवार को पहली बार औरंगाबाद पहुंचे। यहां समाहरणालय के पास एक निजी होटल में आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने राज्य की राजनीति और सरकार के कामकाज पर कई सवाल उठाए। प्रशांत किशोर ने कहा कि चुनाव के दौरान सरकार ने विकास को लेकर जो वादे जनता से किए थे, उन्हें 6 महीने के भीतर पूरा किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि यह समय सीमा मई 2026 में पूरी हो जाएगी। अगर तय समय के भीतर वादे पूरे नहीं होते हैं तो जन सुराज पार्टी सड़क पर उतरकर आंदोलन करेगी और जनता के बीच जाकर सरकार से जवाब मांगेगी।
यह भी पढ़ें :झारखंड विधानसभा में बिजली कटौती का मुद्दा उठा, विभाग ने ट्रांसफार्मर की कमी से देरी मानी
नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने पर उठाए सवाल
प्रेस वार्ता के दौरान प्रशांत किशोर ने नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने के फैसले पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि बिहार के लोगों ने कई वादों के भरोसे पर वोट दिया था, इसलिए सरकार को अपने वादे पूरे करने चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा चुनाव के दौरान जदयू को केवल एक मुखौटे की तरह इस्तेमाल कर रही है। इसके साथ ही उन्होंने नरेंद्र मोदी और अमित शाह पर भी निशाना साधते हुए कहा कि सासाराम के चार बच्चों की गुजरात में टंकी साफ करते समय हुई मौत के मामले में अब तक कोई ठोस प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
जन सुराज संगठन के पुनर्गठन की तैयारी
प्रशांत किशोर ने बताया कि जन सुराज संगठन का पुनर्निर्माण किया जाएगा। इसके तहत वे बिहार के हर जिले में तीन-तीन दिन रुककर कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे और चुनाव के दौरान हुई कमियों की समीक्षा करेंगे। उन्होंने कहा कि जल्द ही जन सुराज के नए संगठन की घोषणा की जाएगी और वार्ड स्तर तक संगठन को मजबूत किया जाएगा। आगामी पंचायती राज चुनाव को लेकर प्रशांत किशोर ने कहा कि 15 अप्रैल तक पूरे बिहार का दौरा कर पार्टी कार्यकर्ताओं से चर्चा की जाएगी। इसके बाद यह तय किया जाएगा कि जन सुराज पंचायत चुनाव में पार्टी के प्रतीक चिन्ह पर चुनाव लड़ेगी या नहीं।






















