Samachar Post डेस्क,पटना :पटना जिला प्रशासन ने दानापुर–बिहटा एलिवेटेड रोड के निर्माण को लेकर नया यातायात नियम लागू किया है। अब शिवाला चौक से कन्हौली बाजार तक 13 किलोमीटर लंबे मार्ग पर सुबह 7:30 बजे से शाम 7:30 बजे तक वाहन चल सकेंगे, जबकि रात के समय सड़क पूरी तरह निर्माण कार्य के लिए बंद रहेगी। दानापुर अनुमंडल पदाधिकारी दिव्या शक्ति के आदेश के अनुसार यह निर्णय निर्माण कार्य की गति बनाए रखने और आम जनता तथा व्यापारियों की सुविधा को ध्यान में रखकर लिया गया है।
यह भी पढ़ें :झारखंड की खनन भूमि से खुलेगा हरित विकास का रास्ता

स्कूल-कॉलेजों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए दिन में ट्रैफिक
मार्ग पर कई शैक्षणिक संस्थान होने के कारण छात्रों और अभिभावकों की सुविधा को देखते हुए दिन के समय आवाजाही की अनुमति दी गई है। यदि भविष्य में स्कूल-कॉलेज के समय में बदलाव होता है, तो यातायात समय-सारिणी में भी संशोधन किया जा सकता है। रात में पटना और भोजपुर के बीच आवागमन के लिए प्रशासन ने वैकल्पिक मार्ग तैयार किए हैं। इसके अलावा छोटे वाहनों के लिए अलग रूट भी चिन्हित किया गया है, ताकि किसी तरह की असुविधा न हो।
निर्धारित समय और वैकल्पिक मार्गों का पालन करें
पहले सड़क पूरी तरह बंद रहने से कन्हौली बाजार और आसपास के व्यापारिक इलाकों में कारोबार प्रभावित हो रहा था। दुकानों, फैक्ट्रियों और पेट्रोल पंपों को नुकसान पहुंच रहा था, और स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी गई। प्रशासन ने जनप्रतिस्पर्धा और व्यापारियों की समस्याओं को ध्यान में रखते हुए दिन में आंशिक आवाजाही की अनुमति दी। प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि वे निर्धारित समय और वैकल्पिक मार्गों का पालन करें। किसी भी विशेष परिस्थिति में यातायात नियमों में अस्थायी बदलाव किया जा सकता है।





















