पलामू में 320 किलो गांजा बरामद, ट्रक के गुप्त चेंबर से मिली डेढ़ करोड़ की खेप

Meenu | July 26, 2026 | 04:28 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर,पलामू : झारखंड के पलामू जिले में पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 320 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। हुसैनाबाद थाना क्षेत्र में एक ट्रक के गुप्त चेंबर से बरामद इस खेप की अनुमानित कीमत करीब ₹1.5 करोड़ बताई जा रही है। पुलिस ने ट्रक जब्त कर चालक को गिरफ्तार कर लिया है और पूरे तस्करी नेटवर्क की जांच शुरू कर दी है।

यह भी पढ़ें : भाजपा नेता हरिभूषण ठाकुर बचौल को मिली जान से मारने की धमकी, पटना में FIR दर्ज

गुप्त सूचना पर एसपी ने गठित की विशेष टीम

पुलिस के अनुसार, 25 जुलाई की रात पलामू के पुलिस अधीक्षक को सूचना मिली थी कि उत्तर प्रदेश नंबर का एक ट्रक जपला से छतरपुर की ओर जा रहा है, जिसमें भारी मात्रा में अवैध गांजा छिपाकर ले जाया जा रहा है। सूचना के बाद एसपी के निर्देश पर हुसैनाबाद एसडीपीओ के नेतृत्व में हुसैनाबाद थाना पुलिस और सशस्त्र बल की विशेष टीम गठित की गई। टीम ने जपला-छतरपुर मुख्य मार्ग पर महुडरिया के पास वाहन जांच अभियान चलाया। वाहन जांच के दौरान पुलिस ने UP-14 FT-6583 नंबर के ट्रक को रोककर तलाशी ली। जांच में ट्रक के अंदर बनाए गए विशेष चेंबर से प्लास्टिक की 10 बोरियों में छिपाकर रखा गया करीब 320 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने गांजे की खेप और ट्रक दोनों को जब्त कर लिया है।

चालक गिरफ्तार, NDPS एक्ट के तहत केस दर्ज

पुलिस ने बताया कि एफएसएल की प्रारंभिक जांच में बरामद पदार्थ की पहचान गांजे के रूप में हुई है। इसकी अनुमानित कीमत करीब ₹1.5 करोड़ आंकी गई है। मामले में राजेश यादव (45 वर्ष), निवासी मदनपुर, थाना छतरपुर, जिला पलामू को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के खिलाफ हुसैनाबाद थाना कांड संख्या 167/26 के तहत NDPS Act की धारा 20(b)(ii)(C) तथा 25/29 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

तस्करी नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गांजे की यह खेप कहां से लाई जा रही थी और इसे किस स्थान पर पहुंचाया जाना था। साथ ही इस तस्करी गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की पहचान के लिए भी जांच और छापेमारी जारी है।

Share this news

संबंधित खबरें