पलामू पुलिस की बड़ी सफलता, चार महीने से लापता 15 वर्षीय किशोरी दिल्ली से सकुशल बरामद

Samachar Post रिपोर्टर,पलामू : जिले के पिपराटांड थाना पुलिस ने चार महीने से लापता 15 वर्षीय किशोरी को दिल्ली से सकुशल बरामद कर लिया है। पुलिस टीम रविवार को किशोरी को लेकर थाना पहुंची। इस सफलता के बाद परिजनों ने राहत की सांस ली। जानकारी के अनुसार, पिपराटांड थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली 15 वर्षीय किशोरी करीब चार महीने पहले अपने घर से लापता हो गई थी। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की थी। पुलिस के अनुसार, किशोरी भटकते हुए दिल्ली पहुंच गई थी, जहां वह काम कर रही थी। इसी दौरान उसने किसी अन्य व्यक्ति के मोबाइल फोन से अपनी मां को कॉल कर बताया कि वह दिल्ली में है और काम कर रही है। यह सूचना बाद में पिपराटांड थाना पुलिस तक भी पहुंची, जिसके बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की।

यह भी पढ़ें : पुरुलिया में भीषण सड़क हादसा: ट्रेलर और ऑटो की आमने-सामने टक्कर, एक की मौत, चार गंभीर

टेक्निकल सेल की मदद से मिला सुराग

थाना प्रभारी ने जिस मोबाइल नंबर से कॉल किया गया था, उस पर संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन फोन बंद मिला। इसके बाद पुलिस ने टेक्निकल सेल की मदद से मोबाइल नंबर की जांच की। जांच में मोबाइल की लोकेशन दिल्ली में मिलने के बाद थाना प्रभारी पुलिस टीम के साथ दिल्ली पहुंचे और खोजबीन कर किशोरी को सकुशल बरामद कर लिया।

पुलिस के लिए चुनौतीपूर्ण था मामला

किशोरी के लापता होने के बाद पांकी क्षेत्र के कई राजनीतिक और सामाजिक संगठनों ने उसकी सुरक्षित बरामदगी की मांग को लेकर आंदोलन भी किया था। मामला काफी चर्चा में रहा और पुलिस के लिए यह एक चुनौतीपूर्ण केस बन गया था। पुलिस की इस कार्रवाई से चार महीने बाद किशोरी सुरक्षित अपने परिवार के पास लौट सकी।

संबंधित खबरें