ब्लैकमेलिंग से परेशान नाबालिग ने दी जान, पलामू में सनसनी; आरोपी पर केस दर्ज

Rupa Kumari | April 2, 2026 | 12:01 PM IST
  • आपत्तिजनक फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी का आरोप, पुलिस डिजिटल साक्ष्यों की जांच में जुटी

Samachar Post रिपोर्टर, पलामू: झारखंड के पलामू जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। लेस्लीगंज थाना क्षेत्र के मुंदरिया गांव में 17 वर्षीय नाबालिग लड़की ने कथित ब्लैकमेलिंग से तंग आकर आत्महत्या कर ली। इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। परिजनों के अनुसार, पड़वा थाना क्षेत्र के मानआहर गांव निवासी आरोपी टुनटुन पासवान लगातार लड़की को फोन कर परेशान कर रहा था। घटना वाले दिन भी उसने कथित रूप से आपत्तिजनक फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी दी। फोन पर बातचीत के बाद लड़की काफी देर तक रोती रही और फिर कुछ ही समय बाद उसने यह कदम उठा लिया।

फुआ के घर रह रही थी नाबालिग

बताया जा रहा है कि मृतका कुछ दिन पहले ही मुंदरिया गांव में अपने फुआ के घर आई हुई थी। बावजूद इसके आरोपी लगातार उसे फोन कर मानसिक दबाव बना रहा था। घटना के बाद परिजन बिना पुलिस को सूचना दिए शव का अंतिम संस्कार करने मानआहर ले जा रहे थे। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली और टीम ने श्मशान घाट पर पहुंचकर दाह संस्कार रुकवा दिया। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा गया।

यह भी पढ़ें: गेल की तेज कार्रवाई से टला बड़ा संकट, टाटा मोटर्स में 9 दिन में बहाल हुई गैस सप्लाई

आरोपी के खिलाफ FIR दर्ज

मृतका के पिता के बयान के आधार पर लेस्लीगंज थाना में आरोपी टुनटुन पासवान के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। थाना प्रभारी उत्तम कुमार राय ने बताया कि मामला मोबाइल और डिजिटल साक्ष्यों से जुड़ा हुआ है। पुलिस कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) और अन्य डिजिटल डेटा की जांच कर रही है, ताकि आरोपी के खिलाफ पुख्ता सबूत जुटाए जा सकें।

Share this news

संबंधित खबरें