पलामू में स्वास्थ्य योजनाओं की समीक्षा, DC ने मातृ-शिशु स्वास्थ्य, टीबी और टीकाकरण पर दिए अहम निर्देश

Meenu | July 7, 2026 | 04:50 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर,पलामू : उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने मंगलवार को समाहरणालय सभागार में जिला स्वास्थ्य समिति की मासिक समीक्षा बैठक की। बैठक में स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न योजनाओं और राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रखंडवार प्रगति की समीक्षा की गई। इस दौरान मातृ-शिशु स्वास्थ्य, टीबी नियंत्रण, आयुष्मान भारत, टीकाकरण, कुपोषण उन्मूलन और डिजिटल हेल्थ सेवाओं सहित कई महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।

यह भी पढ़ें : कोडरमा जनता दरबार: DC उत्कर्ष गुप्ता ने सुनीं लोगों की समस्याएं, अधिकारियों को दिए त्वरित समाधान के निर्देश

मातृ-शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के निर्देश

बैठक में उपायुक्त ने गर्भवती महिलाओं का समय पर पंजीकरण, नियमित प्रसव पूर्व जांच (ANC) और शत-प्रतिशत संस्थागत प्रसव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि मई 2026 तक जिले में संस्थागत प्रसव की दर 95 प्रतिशत और पूर्ण टीकाकरण 94 प्रतिशत दर्ज किया गया है। इन आंकड़ों में और सुधार के लिए नियमित मॉनिटरिंग और प्रभावी कार्ययोजना बनाने पर जोर दिया गया। उपायुक्त ने गंभीर कुपोषित बच्चों की समय पर पहचान कर उन्हें माल न्यूट्रिशन ट्रीटमेंट सेंटर (MTC) में भर्ती कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग और समाज कल्याण विभाग के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से प्रभावित बच्चों का उपचार और पोषण सुनिश्चित करने को कहा।

टीबी मरीजों के लिए पोषण सहायता बढ़ाने पर जोर

बैठक में टीबी नियंत्रण कार्यक्रम की समीक्षा करते हुए अधिक से अधिक लोगों और संस्थाओं को “निक्षय मित्र” अभियान से जोड़ने की अपील की गई। अधिकारियों ने बताया कि जिले में उपचाररत 1,825 टीबी मरीजों में से अब तक 162 मरीजों को पोषण किट उपलब्ध कराई जा चुकी है, जबकि शेष लाभार्थियों तक सहायता पहुंचाने की प्रक्रिया जारी है।

स्वास्थ्य योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर

उपायुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि केंद्र और राज्य सरकार की स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ समय पर पात्र लोगों तक पहुंचे। उन्होंने योजनाओं की नियमित समीक्षा, बेहतर समन्वय और जमीनी स्तर पर प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया।

Share this news

संबंधित खबरें