Samachar Post रिपोर्टर,चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिला निर्वाचन कार्यालय की ओर से विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 के तहत 8 और 9 अगस्त को जिले के सभी मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। यह शिविर दोनों दिन सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक संचालित होंगे। पात्र नागरिक इन शिविरों में पहुंचकर मतदाता सूची में नाम जोड़ने, संशोधन कराने और मतदान केंद्र बदलने से संबंधित आवेदन कर सकेंगे। बंदगांव के बीडीओ भीषम कुमार ने बताया कि जिन भारतीय नागरिकों की आयु 1 अक्टूबर 2026 तक 18 वर्ष पूरी हो जाएगी और जिनका नाम अभी तक मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, वे प्रपत्र-6 भरकर अपना नाम जुड़वा सकते हैं।
यह भी पढ़ें : सिमडेगा में युवक को पेट्रोल डालकर जिंदा जलाने का प्रयास, गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती
मतदान केंद्र बदलने के लिए भरें प्रपत्र-8
बीडीओ ने बताया कि जिन मतदाताओं का मतदान केंद्र उनके घर से काफी दूर है या परिवार के सदस्यों के नाम अलग-अलग मतदान केंद्रों पर दर्ज हैं, वे प्रपत्र-8 के माध्यम से अपने नाम का स्थानांतरण या आवश्यक संशोधन करा सकते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह सुविधा केवल पात्र भारतीय नागरिकों के लिए है। कोई भी विदेशी नागरिक मतदाता सूची में नाम जोड़ने या संशोधन के लिए आवेदन नहीं कर सकता।

ऑनलाइन भी कर सकते हैं आवेदन
मतदाता अपने मोबाइल में ECINET ऐप डाउनलोड कर या भारत निर्वाचन आयोग के पोर्टल के माध्यम से भी ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इससे नाम जोड़ने, संशोधन और स्थानांतरण जैसी सेवाएं घर बैठे भी उपलब्ध हैं। बीडीओ भीषम कुमार ने सभी पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे 8 और 9 अगस्त को अपने नजदीकी मतदान केंद्र पर पहुंचकर आवश्यक दस्तावेजों के साथ आवेदन की प्रक्रिया पूरी करें, ताकि कोई भी पात्र मतदाता अपने मतदान के अधिकार से वंचित न रहे।

Reporter | Samachar Post

