Samachar Post डेस्क,बिहार :बिहार की राजनीति में मंगलवार का दिन बेहद अहम बन गया है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज अपने पद से इस्तीफा देने वाले हैं। इससे पहले सुबह से ही मुख्यमंत्री आवास पर राजनीतिक गतिविधियां तेज रहीं। सुबह मुख्यमंत्री आवास पर संजय झा, ललन सिंह और विजय चौधरी पहुंचे। कुछ देर बाद उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी भी वहां पहुंचे। मुलाकात के बाद तीनों एक ही गाड़ी में बाहर निकले आगे की सीट पर विजय चौधरी और पीछे नीतीश कुमार और सम्राट चौधरी साथ बैठे दिखे। इस तस्वीर ने सियासी गलियारों में चर्चाओं को और तेज कर दिया है।
यह भी पढ़ें :रांची यूनिवर्सिटी में अकादमिक संकट के संकेत: 21 प्रोफेसरों की होगी रिटायरमेंट
सुबह 11 बजे आखिरी कैबिनेट बैठक
नीतीश कुमार की अध्यक्षता में सुबह 11 बजे कैबिनेट की अंतिम बैठक होगी। इसे मौजूदा सरकार की आखिरी औपचारिक बैठक माना जा रहा है। इसके बाद एनडीए के घटक दल अपनी रणनीति तय करेंगे। दोपहर 3 बजे नीतीश कुमार राजभवन जाकर सैयद अता हसनैन को अपना इस्तीफा सौंपेंगे। इसके साथ ही वर्तमान सरकार का कार्यकाल समाप्त हो जाएगा।
शाम 4 बजे तय होगा नया मुख्यमंत्री
इस्तीफे के बाद शाम 4 बजे एनडीए विधायक दल की बैठक होगी, जिसमें नए मुख्यमंत्री के नाम पर अंतिम फैसला लिया जाएगा। इस बैठक में शिवराज सिंह चौहान पर्यवेक्षक के रूप में मौजूद रहेंगे। नए मुख्यमंत्री का शपथ ग्रहण बुधवार सुबह 11 बजे राजभवन में होगा। इसके साथ ही बिहार में नई सरकार का गठन पूरा हो जाएगा।






















