नितिन नबीन की नियुक्ति पर कांग्रेस-झामुमो का भाजपा पर वार, बोले- संगठन में लोकतंत्र नहीं बचा

  • भाजपा में युवा नेतृत्व को बढ़ावा, विपक्ष ने लगाया वंशवाद का आरोप

Samachar Post डेस्क, रांची : बिहार सरकार के मंत्री और भाजपा नेता नितिन नबीन को भाजपा का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनाए जाने के बाद झारखंड की राजनीति में बयानबाजी तेज हो गई है। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता प्रदीप सिन्हा ने इस नियुक्ति को पार्टी आलाकमान का संतुलित और बेहतर फैसला बताया। उन्होंने कहा कि भाजपा ने युवा नेतृत्व को आगे बढ़ाकर यह संदेश दिया है कि पार्टी बदलाव और नए नेतृत्व को स्वीकार करने के लिए तैयार है।

यह भी पढ़ें: केंदुआडीह गैस प्रभावित इलाके का सरयू राय ने किया दौरा

झामुमो ने जताई आपत्ति, लोकतंत्र न होने का आरोप

सत्तारूढ़ झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने इस नियुक्ति को भाजपा में वंशवाद का उदाहरण बताया। झामुमो के केंद्रीय प्रवक्ता मनोज पांडेय ने कहा कि भाजपा अब दो लोगों की पार्टी बनकर रह गई है और संगठन में लोकतंत्र नहीं बचा है। उन्होंने नितिन नबीन को शुभकामनाएं देते हुए पार्टी पर कटाक्ष किया।

कांग्रेस ने भी साधा भाजपा पर निशाना

झारखंड कांग्रेस के प्रवक्ता जगदीश साहू ने भी भाजपा को घेरा। उन्होंने कहा कि पार्टी में लोकतंत्र नहीं है और सवाल उठाया कि क्या कोई ऐसा अनुभवी और समर्पित कार्यकर्ता नहीं था, जिसे मेहनत के दम पर यह जिम्मेदारी दी जा सकती थी। उन्होंने यह भी कहा कि नितिन नबीन भाजपा के वरिष्ठ नेता स्व. नवीन किशोर प्रसाद सिन्हा के पुत्र हैं, जिससे भाजपा को वंशवाद पर कांग्रेस पर सवाल उठाने का कोई अधिकार नहीं बचता। यह नियुक्ति झारखंड में राजनीतिक दलों के बीच बहस और आरोप-प्रत्यारोप का केंद्र बन गई है।

Share this news

संबंधित खबरें