Samachar Post रिपोर्टर, रांची : नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने NEET UG 2026 का परिणाम जारी कर दिया है। इस बार झारखंड के छात्रों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राज्य का नाम रोशन किया है। सुहर्ष कुमार गुप्ता ने 99.9771 पर्सेंटाइल हासिल करते हुए ऑल इंडिया रैंक (AIR) 455 प्राप्त की और झारखंड के स्टेट टॉपर बने। वहीं रांची के ज्ञानेंद्र गर्व ने 99.96 पर्सेंटाइल, 655 अंक और AIR 676 हासिल कर राज्य के मेधावी छात्रों की सूची में अपनी जगह बनाई।
ज्ञानेंद्र गर्व की सफलता बनी प्रेरणा
ज्ञानेंद्र गर्व के पिता मयंक भूषण गढ़वा में एसडीओ हैं, जबकि उनकी मां कुमारी अंजली सरकारी शिक्षिका हैं। उन्होंने अपनी 10वीं की पढ़ाई डीएवी कपिलदेव से और 12वीं की पढ़ाई जेवीएम श्यामली, रांची से पूरी की। उनकी इस उपलब्धि से परिवार, शिक्षक और शुभचिंतकों में खुशी का माहौल है।
रांची के अन्य छात्रों ने भी किया बेहतरीन प्रदर्शन
NEET UG 2026 में रांची के कई अन्य छात्रों ने भी शानदार सफलता हासिल की। अक्षत प्रेम ने 642 अंक के साथ AIR 2034, साकिब अहमद ने 640 अंक के साथ AIR 2282, मयंक कुमार ने AIR 3211 और सर्वजीत ने AIR 4271 प्राप्त की। इस वर्ष रांची से करीब 10 हजार अभ्यर्थी NEET UG परीक्षा में शामिल हुए थे। इस वर्ष NEET UG 2026 का परिणाम ऐसे समय घोषित हुआ है, जब पेपर लीक विवाद के बाद परीक्षा दोबारा आयोजित की गई थी। इसके बावजूद देशभर के लाखों अभ्यर्थियों ने परीक्षा में हिस्सा लिया और कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच सफलता हासिल की।

11.21 लाख अभ्यर्थी हुए क्वालिफाई
NTA के अनुसार, 11.21 लाख अभ्यर्थी मेडिकल, डेंटल, आयुष और अन्य स्नातक चिकित्सा पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए क्वालिफाई हुए हैं। अब सफल अभ्यर्थी मेडिकल कॉलेजों में दाखिले के लिए आयोजित होने वाली काउंसलिंग प्रक्रिया में भाग लेंगे। शिक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि झारखंड के छात्रों का यह प्रदर्शन राज्य में चिकित्सा शिक्षा के प्रति बढ़ती जागरूकता और बेहतर तैयारी का संकेत है।

Reporter | Samachar Post

