झारखंड में मॉनसून का कहर: रांची समेत कई जिलों में 10 जुलाई तक भारी बारिश का अलर्ट

Samachar Post | July 5, 2025 | 02:52 PM IST

Samachar Post, रांची : झारखंड में मॉनसून पूरी रफ्तार में है और लगातार बारिश से जनजीवन प्रभावित हो रहा है। राजधानी रांची समेत राज्य के कई जिलों में रविवार को भी भारी बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने पलामू, गढ़वा, चतरा, लातेहार, हजारीबाग, रामगढ़ और बोकारो जिलों के लिए यलो अलर्ट, जबकि गुमला, सिमडेगा, खूंटी और पश्चिमी सिंहभूम जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

आईएमडी की चेतावनी के अनुसार, रांची, लोहरदगा, सरायकेला-खरसावां और पूर्वी सिंहभूम जिलों में भारी बारिश के साथ वज्रपात हो सकता है। वहीं, दक्षिणी जिलों में अगले 48 घंटे के भीतर तेज बारिश के साथ वज्रपात की प्रबल संभावना जताई गई है।

10 जुलाई तक नहीं मिलेगी राहत

मौसम विज्ञान केंद्र ने कहा है कि 10 जुलाई तक झारखंड में बारिश का सिलसिला थमने वाला नहीं है। दक्षिण और मध्य झारखंड में बारिश की तीव्रता अधिक बनी रहेगी। लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।

75% ज्यादा वर्षा, रांची में रिकॉर्ड तोड़ बारिश

एक जून से अब तक झारखंड में औसतन 395 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जो सामान्य (226 मिमी) से 75% अधिक है। खासकर रांची में स्थिति और गंभीर है, जहां अब तक 651.2 मिमी बारिश दर्ज की गई है — यह सामान्य (235 मिमी) से 177% अधिक है।

क्या करें, क्या न करें:

  • बिजली कड़कने के दौरान खुले स्थानों से दूर रहें
  • यात्रा विशेषकर ग्रामीण व पहाड़ी इलाकों में टालें
  • बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें
  • आपातकालीन नंबर और स्थानीय प्रशासन से संपर्क में रहें
Share this news

संबंधित खबरें