लोहरदगा में सूने घर में लाखों की चोरी, ₹2.75 लाख नकद और करीब ₹10 लाख के जेवरात ले उड़े चोर

Meenu | July 10, 2026 | 12:13 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर,लोहरदगा : जिले के थाना टोली स्थित ICICI बैंक के समीप रहने वाले नवीन प्रसाद के सूने मकान में अज्ञात चोरों ने बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर घर से करीब 2.75 लाख रुपये नकद, लगभग 10 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात समेत अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

यह भी पढ़ें : Breaking: हजारीबाग में CISF की पहली बड़ी कार्रवाई, चार ट्रकों में लदा अवैध कोयला जब्त

परिवार रांची गया था, लौटने पर टूटा मिला ताला

जानकारी के अनुसार, घर के सभी सदस्य किसी जरूरी काम से रांची गए हुए थे। शुक्रवार सुबह जब वे वापस लौटे तो घर का मुख्य ताला टूटा मिला और अंदर का सामान बिखरा हुआ था। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि चोर पीछे की दीवार फांदकर घर में दाखिल हुए और अलमारी व बक्सों के ताले तोड़कर नकदी, जेवरात और अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए।

नकदी के साथ पैतृक जेवरात भी हुए चोरी

पीड़ित परिवार के अनुसार, मजदूरों को भुगतान करने के लिए उनके भाई उत्तम प्रकाश ने घर में करीब 2.75 लाख रुपये नकद रखे थे, जिसे चोर अपने साथ ले गए। इसके अलावा करीब 10 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात, जिनमें कई पैतृक आभूषण भी शामिल थे, चोरी हो गए। चोर कांसा और पीतल के बर्तन, घरेलू उपयोग की कीमती वस्तुएं तथा विवाह और अन्य अवसरों पर मिले उपहार भी अपने साथ ले गए।

पुलिस ने शुरू की जांच, CCTV फुटेज खंगाले जा रहे

घटना की सूचना मिलते ही लोहरदगा सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने घर और आसपास के इलाके से साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं। परिजनों का आरोप है कि अभी तक मामले की व्यापक जांच नहीं हुई है और आसपास लगे CCTV कैमरों की पूरी तरह जांच नहीं की गई है।

लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से लोगों में चिंता

स्थानीय लोगों का कहना है कि शहर में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिससे लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ी है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्त बढ़ाने और चोरी की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने की मांग की है। वहीं पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है, CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं और संदिग्धों से पूछताछ की जाएगी। पुलिस ने जल्द मामले का खुलासा करने का दावा किया है।

Share this news

संबंधित खबरें