कोडरमा घाटी में भीषण सड़क हादसा : ट्रक-गैस टैंकर की टक्कर में युवक की मौत, चालक गंभीर

Rupa Kumari | August 19, 2025 | 03:28 PM IST

Samachar Post डेस्क, कोडरमा : रांची-पटना राष्ट्रीय राजमार्ग-20 (एनएच-20) पर मंगलवार सुबह जमसौती नाला के पास बड़ा सड़क हादसा हो गया। लोहे की शीट से लदा एक ट्रक गैस टैंकर से टकराकर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में कुंदन यादव (18 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गैस टैंकर चालक प्रदीप कुमार (25 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गया।

कैसे हुआ हादसा?

जानकारी के अनुसार, बोकारो से पटना जा रहा ट्रक जैसे ही कोडरमा घाटी के तीखे मोड़ पर पहुंचा, सामने से आ रहे गैस टैंकर को देखकर चालक उमेश यादव संतुलन खो बैठा। ट्रक पहले टैंकर से टकराया और फिर खाई में गिर गया।

चालक और खलासी ने बचाई जान

हादसे के दौरान ट्रक चालक और खलासी ने कूदकर अपनी जान बचा ली। हालांकि, ट्रक मालिक का साला कुंदन यादव, जो केबिन में सो रहा था, अंदर ही फंस गया और उसकी मौत हो गई।

यह भी पढ़ें :WHO ने झारखंड के टीबी मॉडल की सराहना की, दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों के लिए बताया आदर्श

घटनास्थल पर पहुंची पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही कोडरमा पुलिस मौके पर पहुंची और घंटों की मशक्कत के बाद कुंदन का शव ट्रक से बाहर निकाला। पुलिस ने गैस टैंकर को हटवाकर जाम की स्थिति को भी नियंत्रित किया।

मृतक के भाई का बयान

कुंदन के बड़े भाई राजबल्लव यादव ने बताया कि ट्रक उनके जीजा मुन्ना यादव का है और कुंदन को घर लौटने के लिए उसी ट्रक में भेजा गया था।

उन्होंने कहा अगर कुंदन हादसे के वक्त जाग रहा होता, तो शायद उसकी जान बच जाती।

Share this news

संबंधित खबरें