खूंटी में पुलिस पर भीड़ का हमला: थानेदार का सिर फोड़ा, 14 टांके लगे- डाईर जतरा में हड़कंप

Samachar Post रिपोर्टर, खूंटी : खूंटी जिले के लोहागड़ा में रविवार को डाईर जतरा के दौरान उस वक्त हड़कंप मच गया, जब नशा विरोधी अभियान के तहत पहुंची पुलिस टीम पर भीड़ ने हमला कर दिया। इस हमले में रनिया थाना प्रभारी गंभीर रूप से घायल हो गए और उनके सिर पर 14 टांके लगाए गए। जानकारी के अनुसार, रनिया थाने की पुलिस दारू और हड़िया की अवैध बिक्री रोकने के लिए जतरा स्थल पर पहुंची थी। इसी दौरान दो पक्षों के बीच झगड़ा हुआ, और स्थिति संभालने के लिए थानेदार अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। सूत्रों के मुताबिक, जतरा में अवैध शराब की भट्ठी लगी थी। जब पुलिस ने कार्रवाई की कोशिश की, तो भीड़ उग्र हो गई और पुलिस टीम को घेर लिया।

मारो रे पुलिस को, वीडियो में नारेबाजी

घटना का एक वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें लोग चिल्लाते सुने जा सकते हैं, क्या पुलिस की दादागिरी है, मारो रे पुलिस को, मार के फाड़ दो! इसके बाद भीड़ ने धक्का-मुक्की शुरू कर दी। इसी दौरान एक युवक ने थानेदार के सिर के पीछे लकड़ी से वार किया, जिससे वे मौके पर ही गिर पड़े। भीड़ ने उन्हें लात-घूंसों से बेरहमी से पीटा। घायल थानेदार को पहले रनिया अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने सिर पर 14 टांके लगाए। हालत गंभीर होने पर उन्हें रांची रेफर किया गया।

यह भी पढ़ें: तेजस्वी यादव का पीएम मोदी पर पलटवार: गुजरात में फैक्ट्री की बात करते हैं, बिहार आते हैं तो बंदूक और अपराध की बात करने लगते हैं

जांच शुरू, आरोपियों की पहचान जारी

घटना की सूचना मिलते ही तोरपा के एसडीपीओ और सर्किल इंस्पेक्टर भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने हमले में इस्तेमाल लकड़ी जब्त कर ली है और वायरल वीडियो व स्थानीय इनपुट्स के आधार पर हमलावरों की पहचान कर रही है। उनकी गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है।

संबंधित खबरें