अब शुष्क रहेगा झारखंड का मौसम, तापमान में 5 से 7 डिग्री तक बढ़ोतरी की संभावना

Rupa Kumari | April 11, 2026 | 10:43 AM IST

Samachar Post रिपोर्टर, रांची: झारखंड में पिछले कुछ दिनों से हो रही बारिश और तेज हवा के बाद अब मौसम बदलने जा रहा है। आने वाले दिनों में राज्य के सभी जिलों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है और तापमान में लगातार वृद्धि हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार अधिकतम तापमान में करीब 5 से 7 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी की संभावना जताई गई है। फिलहाल राज्य के अधिकांश जिलों का अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के ऊपर पहुंच चुका है, जो अगले कुछ दिनों में और बढ़ सकता है।

सरायकेला सबसे गर्म, कई जिलों में बढ़ा पारा

शुक्रवार को सरायकेला में अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो राज्य में सबसे अधिक रहा। वहीं मेदनीनगर में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस रहा। राजधानी रांची में भी तापमान 30.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो बढ़ने के संकेत दे रहा है।

यह भी पढ़ें: साइबर थाना के सिपाही पर ठगी का आरोप, गिरिडीह में FIR दर्ज

रांची में 14 अप्रैल तक बढ़ेगा तापमान

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 11 से 14 अप्रैल के बीच रांची में मौसम शुष्क रहेगा और तापमान लगातार बढ़ेगा।

  • 11 अप्रैल: अधिकतम 33°C, न्यूनतम 20°C
  • 12 अप्रैल: अधिकतम 35°C के आसपास
  • 13 अप्रैल: अधिकतम 36°C तक संभावना
  • 14 अप्रैल: अधिकतम 37°C, न्यूनतम 23°C अनुमान

मौसम विभाग ने लोगों को गर्मी बढ़ने के मद्देनजर सावधानी बरतने और दोपहर में धूप से बचने की सलाह दी है।

Share this news

संबंधित खबरें