- 12 से 15 अगस्त के बीच गरज-चमक, वज्रपात और तेज हवाओं की संभावना, दक्षिणी जिलों में भारी बारिश के आसार
Samachar Post रिपोर्टर, रांची : झारखंड में आगामी दिनों में मानसून एक बार फिर सक्रिय रहने वाला है। मौसम विभाग ने 12 से 15 अगस्त तक राज्य के कई जिलों में भारी बारिश, वज्रपात और तेज हवाओं को लेकर चेतावनी जारी की है। विभाग के अनुसार, इस अवधि में कई क्षेत्रों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 12 और 13 अगस्त को सिमडेगा, पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। वहीं राज्य के अन्य हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।
13 अगस्त को दक्षिणी झारखंड में भारी बारिश के आसार
विभाग ने 13 अगस्त को दक्षिणी झारखंड के कई इलाकों में भारी वर्षा की संभावना जताई है। इसके साथ ही गरज-चमक और वज्रपात की घटनाएं भी हो सकती हैं। मौसम वैज्ञानिकों ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की अपील की है। 14 अगस्त को रांची, खूंटी, लातेहार, लोहरदगा, गुमला, सिमडेगा, पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां जिलों में भारी बारिश और वज्रपात की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है।

स्वतंत्रता दिवस पर भी बारिश की संभावना
15 अगस्त को भी मौसम का मिजाज खराब रहने के संकेत हैं। मौसम विभाग ने रांची, रामगढ़, खूंटी, हजारीबाग, चतरा, पलामू, गढ़वा, लातेहार, लोहरदगा और गुमला जिलों में भारी बारिश और वज्रपात की आशंका जताई है। इन जिलों के लिए येलो वार्निंग जारी की गई है। विभाग के अनुसार, राज्य के अन्य जिलों में भी आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और कई स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है। मौसम विशेषज्ञों ने लोगों से मौसम संबंधी अपडेट पर नजर रखने और खराब मौसम के दौरान आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी है।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

