मौसमक्रिकेटहेल्थक्राइमस्पोर्ट्सबॉलीवुडएजुकेशनबिजनेसलाइफस्टाइलदेशविदेश

छात्र आंदोलन के समर्थन में आज विधानसभा मार्च, AISA समेत वाम छात्र संगठनों का आह्वान, पुलिस अलर्ट

--Advertisment--

Samachar Post रिपोर्टर,रांची : झारखंड में छात्र आंदोलन के बीच आज (7 अगस्त) राजधानी रांची में विधानसभा मार्च का आह्वान किया गया है। AISA समेत वामपंथी छात्र संगठनों और कई सामाजिक संगठनों ने इस मार्च में शामिल होने की घोषणा की है। AISA की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेहा बोरा भी मार्च में शामिल होंगी। इसे देखते हुए रांची पुलिस और प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है तथा सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में आंदोलन कर रहे छात्रों ने पहले ही स्पष्ट कर दिया है कि वे इस विधानसभा मार्च में शामिल नहीं होंगे। ऐसे में आज होने वाले मार्च में विभिन्न छात्र संगठनों और सामाजिक संगठनों की भागीदारी पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।

यह भी पढ़ें : विधानसभा मानसून सत्र का दूसरा दिन आज, छात्र आंदोलन और अनुपूरक बजट पर हंगामे के आसार

बारिश बन सकती है बड़ी चुनौती

विधानसभा मार्च के दौरान मौसम भी बड़ी चुनौती बन सकता है। मौसम विभाग के अनुसार रांची में बारिश की संभावना बनी हुई है। यदि तेज बारिश होती है, तो मार्च में शामिल होने वाले लोगों की संख्या और पूरे आयोजन पर इसका असर पड़ सकता है। प्रशासन भी मौसम और संभावित भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था पर लगातार निगरानी बनाए हुए है।

सरकार और छात्रों के बीच आज हो सकती है वार्ता

छात्र आंदोलन को लेकर सरकार की ओर से गठित समिति और छात्र प्रतिनिधिमंडल के बीच 6 अगस्त को प्रस्तावित बैठक नहीं हो सकी थी। देर शाम तक स्टेट गेस्ट हाउस में वार्ता की चर्चा होती रही, लेकिन कोई ठोस नतीजा सामने नहीं आया। अब 7 अगस्त को सरकार और छात्र प्रतिनिधियों के बीच बातचीत होने की संभावना जताई जा रही है। इस वार्ता से आंदोलन के समाधान की उम्मीद भी जुड़ी हुई है।

विधानसभा सत्र के बीच बढ़ी राजनीतिक हलचल

आज झारखंड विधानसभा के मानसून सत्र का दूसरा दिन भी है। ऐसे में छात्र आंदोलन, विधानसभा मार्च और सरकार-छात्र वार्ता को लेकर राजधानी रांची में राजनीतिक और प्रशासनिक गतिविधियां तेज रहने की संभावना है। विपक्ष भी छात्र आंदोलन के मुद्दे को विधानसभा में उठाने की तैयारी में है, जिससे सदन और सड़क दोनों पर राजनीतिक हलचल बढ़ सकती है।

Meenu

Reporter  |  Samachar Post

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment