झारखंड में सड़क हादसों का कहर: पलामू और चतरा में दो की मौत

Meenu | April 4, 2026 | 11:07 AM IST

Samachar Post डेस्क, रांची :झारखंड में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। शनिवार को पलामू और चतरा में हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई। इन घटनाओं ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पहला हादसा पलामू के छतरपुर-हरिहरगंज फोरलेन बायपास पर हुआ। तेज रफ्तार इंडिका कार ने लूना सवार 60 वर्षीय लालू साव को टक्कर मार दी। वे नावाबाजार थाना क्षेत्र के दमारो पड़वा मोड़ा के रहने वाले थे और अपने रिश्तेदार के यहां भोज में शामिल होने मनहु गांव जा रहे थे। ओवरब्रिज के पास हुए इस हादसे के बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

यह भी पढ़ें :सरयू राय का बड़ा बयान: BJP-कांग्रेस के बिना भी झारखंड में बन सकती है सरकार

परिवार को इंतजार, मिली मौत की खबर

जब लालू साव तय समय पर भोज में नहीं पहुंचे, तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। कुछ देर बाद पुलिस से हादसे की सूचना मिली, जिससे परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने कार को जब्त कर लिया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए मेदिनीनगर भेज दिया गया है।

चतरा में स्कॉर्पियो चालक की मौत

दूसरी घटना चतरा सदर थाना क्षेत्र के बभने गांव के पास हुई। यहां एक तेज रफ्तार हाईवा के अचानक चकमा देने से स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस हादसे में चालक राजा खान की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गाड़ी में सवार अन्य चार लोग बाल-बाल बच गए। राजा खान बिहार के गया जिले के शेरघाटी थाना क्षेत्र के हमजापुर गांव के निवासी थे। वह अपने साथियों के साथ चतरा के महुआ चौक में एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही यह हादसा हो गया।

जांच जारी, आरोपी चालक फरार

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दुर्घटनाग्रस्त वाहन को भी जब्त कर लिया गया है, जबकि हाईवा चालक की तलाश जारी है।

Share this news

संबंधित खबरें