रांची में NCB-CID की हाईलेवल बैठक, झारखंड में नशे के कारोबार पर कसेगा शिकंजा

Samachar Post रिपोर्टर, रांची: झारखंड की राजधानी रांची में नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी रणनीति तैयार की गई है। नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो और CID के अधिकारियों के बीच हुई हाईलेवल बैठक में राज्य में ड्रग्स से जुड़े मामलों की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में अलग-अलग जिलों के पुलिस अधिकारी और जांच एजेंसियों के प्रतिनिधि भी शामिल हुए। मुख्य फोकस लंबित मामलों को तेजी से निपटाने और जांच प्रक्रिया को मजबूत बनाने पर रहा।

लंबित मामलों पर सख्ती, जांच में तेजी के निर्देश

अधिकारियों ने साफ कहा कि सिर्फ केस दर्ज करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि जांच को समय पर पूरा कर चार्जशीट दाखिल करना जरूरी है। बैठक में एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज मामलों की स्थिति की समीक्षा की गई और कोर्ट प्रक्रिया को मजबूत करने पर जोर दिया गया। बैठक में यह भी मुद्दा उठाया गया कि कई बार जब्त किए गए मादक पदार्थ लंबे समय तक प्रक्रिया में फंसे रहते हैं। इससे सिस्टम पर अतिरिक्त बोझ पड़ता है। ऐसे मामलों में तेजी से निष्पादन करने के निर्देश दिए गए।

यह भी पढ़ें: अवैध महुआ शराब पर बड़ी कार्रवाई, सरायकेला में 5 अड्डे ध्वस्त

ड्रग नेटवर्क तोड़ने के लिए एजेंसियों में बेहतर तालमेल

बैठक में इस बात पर भी सहमति बनी कि ड्रग तस्करी अब सीमित इलाकों तक नहीं है, बल्कि इसका नेटवर्क कई जिलों और राज्यों तक फैला हुआ है। ऐसे में सभी एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय, तकनीकी जांच और सूचना साझा करने पर जोर दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि आने वाले दिनों में नशे के कारोबार पर और सख्त कार्रवाई देखने को मिल सकती है। पुलिस और जांच एजेंसियों को स्पष्ट संदेश दिया गया है कि मामलों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Share this news

संबंधित खबरें