मौसमक्रिकेटहेल्थक्राइमस्पोर्ट्सबॉलीवुडएजुकेशनबिजनेसलाइफस्टाइलदेशविदेश

झारखंड में अगले तीन दिन भारी बारिश का अलर्ट, कई जिलों में ऑरेंज और येलो चेतावनी जारी

--Advertisment--

Samachar Post रिपोर्टर,रांची : झारखंड में साइक्लोनिक सर्कुलेशन के प्रभाव से मौसम एक बार फिर पूरी तरह सक्रिय हो गया है। राज्य के कई जिलों में लगातार बारिश हो रही है और मौसम विभाग ने 6 से 8 अगस्त तक भारी बारिश, वज्रपात और तेज हवा को लेकर अलर्ट जारी किया है। लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से खुले स्थानों में नहीं जाने की अपील की गई है।

कई जिलों में हुई अच्छी बारिश

बुधवार को राज्य के विभिन्न हिस्सों में अच्छी वर्षा दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार सबसे अधिक 57 मिमी बारिश सिमडेगा में रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा खूंटी में 43 मिमी, हजारीबाग में 33 मिमी, कोडरमा में 13 मिमी और रांची में 12 मिमी वर्षा हुई। लगातार बारिश से कई इलाकों में मौसम सुहावना हो गया है, हालांकि निचले क्षेत्रों में जलभराव की भी स्थिति बन सकती है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार 6 अगस्त को रांची, सिमडेगा, लोहरदगा, गुमला, खूंटी, गढ़वा, पलामू, चतरा, लातेहार और पश्चिमी सिंहभूम में वज्रपात के साथ भारी बारिश की संभावना है।


7,8 अगस्त को भी जारी रहेगा खराब मौसम

7 अगस्त को खूंटी, गुमला, सिमडेगा, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां और रांची के कुछ हिस्सों में भारी बारिश, वज्रपात और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। 8 अगस्त को रांची, खूंटी और गुमला समेत आसपास के इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। कुछ स्थानों पर वज्रपात की घटनाएं भी हो सकती हैं।

वज्रपात से चार लोगों की मौत

लगातार खराब मौसम के बीच राज्य में वज्रपात की घटनाओं में चार लोगों की मौत हो गई। लातेहार के बारियातू प्रखंड स्थित अलखडीहा टोला निवासी किसान बलराम उरांव (40) की ठनका गिरने से मौत हो गई। हजारीबाग के बरकट्ठा प्रखंड के चौथा गांव निवासी बसवा देवी (50) की भी वज्रपात की चपेट में आने से जान चली गई, जबकि दो अन्य महिलाएं झुलस गईं। चौपारण के बेलाही गांव में धान की रोपाई के दौरान सबिता देवी (32) की वज्रपात से मौत हो गई। घटना के समय उनकी सास और जेठानी भी खेत में मौजूद थीं, लेकिन वे सुरक्षित बच गईं। बड़कागांव प्रखंड के जमनीडीह गांव निवासी झमन महतो (55) की भी ठनका गिरने से मौत हो गई। मौसम विभाग ने सलाह दी है कि बारिश और वज्रपात के दौरान खुले मैदान, खेत, पेड़ के नीचे या बिजली के खंभों के पास खड़े होने से बचें। खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थान पर रहें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।

Meenu

Reporter  |  Samachar Post

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment