झारखंड में हीटवेव अलर्ट: अगले दो दिन कई जिलों में लू का खतरा, मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी

Meenu | May 22, 2026 | 10:23 AM IST

Samachar Post रिपोर्टर, रांची :झारखंड में गर्मी अब लोगों के लिए बड़ी परेशानी बनती जा रही है। सुबह से ही तेज धूप और गर्म हवाओं ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। राजधानी Ranchi समेत राज्य के कई जिले भीषण गर्मी की चपेट में हैं। दोपहर के समय सड़कें सुनसान नजर आ रही हैं और लोग घरों में रहने को मजबूर हैं। मौसम विभाग ने 22 और 23 मई को कई जिलों में लू चलने की चेतावनी जारी की है। गुरुवार को रांची का अधिकतम तापमान 38.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं जमशेदपुर में पारा 43.1 डिग्री तक पहुंच गया। इसके अलावा चाईबासा में 41.8 डिग्री और बोकारो में 41.1 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। तेज धूप और उमस भरी गर्मी से लोग पूरे दिन परेशान रहे।

शुक्रवार को भी जारी रहेगा गर्मी का असर

मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को भी राज्य के कई हिस्सों में भीषण गर्मी बनी रहेगी। रांची, गुमला, सिमडेगा, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, रामगढ़, गिरिडीह, बोकारो, धनबाद, सरायकेला, देवघर, जामताड़ा, दुमका, गोड्डा, साहिबगंज और पाकुड़ में दोपहर तक तेज धूप पड़ने की संभावना है। हालांकि दोपहर बाद कुछ इलाकों में मौसम बदल सकता है। तेज हवा और हल्की बारिश के आसार जताए गए हैं, जिससे लोगों को थोड़ी राहत मिल सकती है।

रांची में 26 मई तक येलो अलर्ट

मौसम विभाग ने रांची में 26 मई तक येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान दोपहर बाद बादल छाने, गरज के साथ बारिश और तेज हवा चलने की संभावना है। दिन में गर्मी बनी रहेगी, लेकिन शाम के समय तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की जा सकती है। इस बार सबसे अधिक गर्मी मेदिनीनगर में रिकॉर्ड की गई। गुरुवार को यहां अधिकतम तापमान 45.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। तेज गर्म हवाओं ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। मेदिनीनगर का पुराना तापमान रिकॉर्ड भी काफी चिंताजनक रहा है। 6 मई 1978 को यहां तापमान 47.8 डिग्री तक पहुंच गया था, जबकि मई 2024 में पारा 47.5 डिग्री रिकॉर्ड किया गया था।

इन जिलों में लू का खतरा

मौसम विभाग ने गढ़वा, पलामू और चतरा के लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। विभाग के मुताबिक 22 और 23 मई को इन जिलों में लू चलने की पूरी संभावना है। बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को खास सतर्क रहने को कहा गया है।

स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड में

भीषण गर्मी और हीट स्ट्रोक के खतरे को देखते हुए झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि बहुत जरूरी होने पर ही लोग दोपहर के समय घर से बाहर निकलें। स्वास्थ्य विभाग ने राज्य के सभी सरकारी अस्पतालों, सदर अस्पतालों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों को हाई अलर्ट पर रखा है। अस्पतालों में ORS काउंटर, जरूरी दवाइयां, आईवी फ्लूइड्स, अतिरिक्त बेड और कूलिंग सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।

Share this news

संबंधित खबरें