Samachar Post रिपोर्टर,रांची : झारखंड के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर के सुरक्षा काफिले में एक अतिरिक्त एस्कॉर्ट वाहन शामिल कर दिया गया है। नए आदेश के बाद अब उनकी सुरक्षा में कुल तीन एस्कॉर्ट गाड़ियां तैनात रहेंगी। डीजीपी तदाशा मिश्रा के निर्देश पर आईजी प्रोविजन की ओर से इस संबंध में आधिकारिक आदेश जारी किया गया है। नए आदेश के अनुसार वित्त मंत्री के काफिले के साथ अब तीन बोलेरो जीप एस्कॉर्ट के रूप में चलेंगी। सुरक्षा व्यवस्था में यह बदलाव हालिया विवाद के बाद किया गया है।
यह भी पढ़ें : लातेहार सड़क हादसा: मृतकों की संख्या बढ़कर चार, रिम्स में इलाज के दौरान महिला ने तोड़ा दम
मुख्यमंत्री के हस्तक्षेप पर जताया आभार
वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के व्यक्तिगत हस्तक्षेप से पूरे मामले का समाधान संभव हो पाया। उन्होंने मुख्यमंत्री का धन्यवाद देते हुए कहा कि उन्होंने मामले की गंभीरता को समझते हुए त्वरित निर्णय लिया। मंत्री ने कहा कि पलामू क्षेत्र उग्रवाद प्रभावित रहा है और उन्होंने हमेशा अपराध एवं उग्रवाद के खिलाफ आवाज उठाई है। ऐसे में उन्होंने केवल सुरक्षा मानकों के आधार पर अपनी चिंता व्यक्त की थी, इसे व्यक्तिगत नाराजगी के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए।

क्या था पूरा विवाद?
दरअसल, इससे पहले विभाग के संयुक्त सचिव की ओर से वित्त मंत्री के काफिले से एक एस्कॉर्ट वाहन हटाने का आदेश जारी किया गया था। सुरक्षा में कटौती के इस फैसले पर वित्त मंत्री ने नाराजगी जताई और अपनी सुरक्षा में तैनात सुरक्षाकर्मियों तथा एस्कॉर्ट वाहन को वापस लौटा दिया था। हालांकि, सुरक्षा कर्मी दूर से उनकी सुरक्षा पर निगरानी बनाए हुए थे। बाद में मुख्यमंत्री के हस्तक्षेप और डीजीपी के नए आदेश के बाद सुरक्षा व्यवस्था बहाल कर दी गई और विवाद समाप्त हो गया। नए आदेश के साथ वित्त मंत्री की सुरक्षा को लेकर चल रहा विवाद फिलहाल समाप्त हो गया है। अब उनकी सुरक्षा में पहले की तुलना में अतिरिक्त एस्कॉर्ट वाहन उपलब्ध रहेगा।

Reporter | Samachar Post

