Samachar Post डेस्क, रांची : झारखंड सरकार ने राज्य में स्वैच्छिक रक्तदान को बढ़ावा देने और सभी जिलों में रक्त की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए बड़ा कदम उठाया है। मुख्य सचिव अविनाश कुमार ने सभी जिलों में ब्लड डोनेशन अवेयरनेस एंड मॉनिटरिंग कमेटी (BDAMC) के गठन का निर्देश दिया है। इस संबंध में सभी विभागों के अपर मुख्य सचिव, सचिव, प्रमंडलीय आयुक्त, उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक और सिविल सर्जनों को पत्र जारी किया गया है।
हाईकोर्ट के निर्देश के बाद सरकार की पहल
यह निर्णय झारखंड हाईकोर्ट के उस निर्देश के अनुपालन में लिया गया है, जिसमें स्वास्थ्य विभाग और राज्य रक्ताधान परिषद को स्वैच्छिक रक्तदान के माध्यम से राज्य में 100 प्रतिशत रक्त संग्रह सुनिश्चित करने को कहा गया था। मुख्य सचिव ने प्रत्येक जिले में गठित होने वाली मॉनिटरिंग कमेटी की बैठक हर महीने के प्रथम सप्ताह में अनिवार्य रूप से आयोजित करने का निर्देश भी दिया है।
रक्त की जरूरत और वर्तमान स्थिति
पत्र में उल्लेख किया गया है कि विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के मानकों के अनुसार किसी जिले की वार्षिक रक्त आवश्यकता उसकी कुल आबादी का लगभग एक प्रतिशत होती है। वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान झारखंड में 3.68 लाख से अधिक यूनिट रक्त संग्रहित किया गया। इनमें से करीब 1.27 लाख यूनिट रक्त स्वैच्छिक रक्तदान शिविरों के माध्यम से प्राप्त हुआ। हालांकि विभिन्न जिलों में रक्त संग्रह की स्थिति में असमानता को देखते हुए राज्य सरकार ने समन्वित निगरानी व्यवस्था लागू करने का फैसला लिया है।

उपायुक्त होंगे समिति के अध्यक्ष
जिला स्तर पर गठित होने वाली BDAMC की अध्यक्षता संबंधित उपायुक्त करेंगे, जबकि उप-विकास आयुक्त को उपाध्यक्ष बनाया जाएगा। समिति में पुलिस विभाग, स्वास्थ्य विभाग, रक्त केंद्रों, जनसंपर्क विभाग, इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) तथा अन्य संबंधित हितधारकों को शामिल किया जाएगा।
यह भी पढ़ें: रांची की 67 सड़कों का होगा कायाकल्प, ₹12 करोड़ से मरम्मत और जीर्णोद्धार; 45 से 150 दिनों में पूरा होगा काम
समिति की होंगी ये प्रमुख जिम्मेदारियां
मॉनिटरिंग कमेटी जिले में रक्त की उपलब्धता की नियमित समीक्षा करेगी। इसके अलावा थैलेसीमिया और सिकल सेल रोगियों के लिए रक्त की निरंतर आपूर्ति सुनिश्चित करने, रक्त की गुणवत्ता की निगरानी करने, रक्तदान शिविरों का वार्षिक एवं मासिक कैलेंडर तैयार करने तथा eRaktKosh पोर्टल की समीक्षा करने की जिम्मेदारी भी समिति को दी गई है। समिति का एक महत्वपूर्ण दायित्व स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति लोगों को जागरूक करना और व्यापक प्रचार-प्रसार के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित करना भी होगा।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

