जामताड़ा में सुबह बेअसर रहा बंद, आम दिनों की तरह खुले बाजार और दुकानें

Meenu | August 11, 2026 | 11:59 AM IST

Samachar Post रिपोर्टर,जामताड़ा : भाजपा के राज्यव्यापी झारखंड बंद का असर मंगलवार सुबह जामताड़ा में नजर नहीं आया। सुबह 10 बजे तक शहर का जनजीवन सामान्य रहा। मुख्य बाजार, सब्जी मंडी और अधिकांश व्यावसायिक प्रतिष्ठान रोज की तरह खुले रहे। सड़कों पर भी वाहनों की आवाजाही सामान्य रही और कहीं बड़े स्तर पर यातायात बाधित होने की स्थिति नहीं दिखी।

यह भी पढ़ें : छात्रों की घर वापसी के लिए जिला प्रशासन की पहल, हेल्पलाइन नंबर जारी

व्यापारियों ने कहा- बंद की जानकारी नहीं मिली

स्थानीय व्यापारियों के अनुसार, उन्हें बंद को लेकर पहले से कोई स्पष्ट सूचना या अनाउंसमेंट नहीं मिला था। इसी वजह से सुबह अधिकांश दुकानदारों ने अपने प्रतिष्ठान सामान्य रूप से खोले। सुबह के शुरुआती घंटों में बाजार में भी आम दिनों की तरह लोगों की आवाजाही देखने को मिली।

सुरक्षा के लिए प्रमुख चौक-चौराहों पर पुलिस तैनात

बंद को देखते हुए स्थानीय प्रशासन ने एहतियात के तौर पर शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर पुलिस बल की तैनाती की है। प्रशासन की ओर से स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। अधिकारियों का प्रयास है कि बंद के दौरान किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति न बने और शहर में कानून-व्यवस्था बनी रहे।

BJP कार्यकर्ताओं ने दुकानदारों से की बंद की अपील

इधर, भाजपा जिलाध्यक्ष सुमित शरण अपने समर्थकों के साथ शहर में निकले और दुकानदारों से अपने प्रतिष्ठान बंद करने की अपील की। भाजपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं की ओर से दुकानदारों से शांतिपूर्ण तरीके से बंद का समर्थन करने का आग्रह किया जा रहा है। भाजपा जिलाध्यक्ष सुमित शरण ने दावा किया कि दोपहर 12 बजे के बाद शहर में बंद का असर पूरी तरह दिखाई देगा और बाजार बंद कराया जाएगा। फिलहाल सुबह के समय जामताड़ा में बंद का खास असर नहीं दिखा है। वहीं, भाजपा कार्यकर्ताओं की अपील और प्रशासन की निगरानी के बीच आने वाले घंटों में बाजार की स्थिति में बदलाव की संभावना है।

Share this news

संबंधित खबरें