Samachar Post रिपोर्टर, रांची : रांची में छात्र आंदोलन में शामिल होने के लिए दूसरे जिलों से पहुंचे छात्रों की सुरक्षित घर वापसी के लिए जिला प्रशासन ने विशेष पहल की है। प्रशासन की ओर से छात्रों के लिए परिवहन की व्यवस्था की जा रही है, ताकि आंदोलन के बाद उन्हें अपने घर लौटने में किसी तरह की परेशानी न हो। जिला प्रशासन के अनुसार, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और अन्य प्रमुख स्थानों से अपने या नजदीकी जिलों की ओर जाने वाले छात्रों के लिए जरूरत के मुताबिक परिवहन की व्यवस्था की जाएगी।
यह भी पढ़ें : गढ़वा में भी बंद का असर, रंका मोड़ पर BJP कार्यकर्ताओं ने किया सड़क जाम
छात्रों की सुरक्षित घर वापसी प्रशासन की प्राथमिकता
प्रशासन का कहना है कि आंदोलन में शामिल होने के लिए बाहर से रांची पहुंचे किसी भी छात्र को घर लौटते समय अकेला या असहाय महसूस न करना पड़े। छात्रों की संख्या और जरूरत के आधार पर उन्हें रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड या उनके गंतव्य की ओर जाने वाले अन्य सुविधाजनक स्थानों तक पहुंचाने के लिए आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा। जिला प्रशासन ने छात्रों से कहा है कि वे किसी भी परेशानी की स्थिति में सीधे प्रशासन से संपर्क करें।

छात्रों की मदद के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी
छात्रों की सुविधा और परिवहन संबंधी सहायता के लिए जिला प्रशासन ने हेल्पलाइन नंबर 9162738438 जारी किया है। दूसरे जिलों से रांची आए छात्र घर लौटने के दौरान परिवहन से जुड़ी किसी भी परेशानी के लिए इस नंबर पर संपर्क कर सकते हैं। प्राप्त सूचना के आधार पर प्रशासन की ओर से आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।
प्रशासन की छात्रों से अपील
जिला प्रशासन ने छात्रों से शांतिपूर्ण और अनुशासित तरीके से अपने घर लौटने की अपील की है। प्रशासन का कहना है कि छात्रों की सुरक्षा और सकुशल घर वापसी प्राथमिकता है। किसी भी छात्र को परिवहन या अन्य जरूरी सहायता की आवश्यकता हो तो वह हेल्पलाइन नंबर 9162738438 पर संपर्क कर सकता है। रांची जिला प्रशासन ने छात्रों को भरोसा दिलाया है कि जरूरत पड़ने पर उन्हें हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा।

Reporter | Samachar Post

