जामताड़ा: DDC असीम किस्पोट्टा ने किया आधुनिक हैचरी सेंटर का उद्घाटन, हर चक्र में तैयार होंगे 1000 चूजे

Meenu | August 8, 2026 | 11:34 AM IST

Samachar Post रिपोर्टर,जामताड़ा : ग्रामीण आजीविका को मजबूत करने और स्थानीय स्तर पर स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने की दिशा में फतेहपुर प्रखंड में महत्वपूर्ण पहल शुरू की गई है। JSLPS के BMMU फतेहपुर अंतर्गत आजीविका संसाधन केंद्र में बनारनाचा संकुल द्वारा संचालित 1000 अंडा क्षमता वाली आधुनिक हैचरी सेंटर का उद्घाटन उप विकास आयुक्त (DDC) असीम किस्पोट्टा ने किया। कार्यक्रम में विधायक प्रतिनिधि परेश यादव भी मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें : कोडरमा घाटी में बड़ा हादसा: सीमेंट लदे ट्रक ने मारी टक्कर, दो दुकानें ध्वस्त; एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल

वैज्ञानिक तरीके से मुर्गी और बत्तख पालन को मिलेगा बढ़ावा

आधुनिक हैचरी सेंटर के जरिए ग्रामीण क्षेत्रों में वैज्ञानिक तरीके से मुर्गी और बत्तख पालन को बढ़ावा देने की योजना है। सेंटर में अंडों से चूजे तैयार करने के लिए 21 दिनों का हैचिंग चक्र अपनाया जाएगा। पहले 18 दिनों तक अंडों को सेटर मशीन में रखा जाएगा। इसके बाद अंतिम तीन दिनों में हैचर मशीन के माध्यम से चूजे तैयार किए जाएंगे। इस तरह प्रत्येक चक्र में करीब 1000 चूजे तैयार किए जा सकेंगे। चूजे निकलने के बाद उन्हें अगले 21 दिनों तक हार्डनिंग सेंटर में वैज्ञानिक पद्धति से देखभाल कर विकसित किया जाएगा। स्वस्थ और बेहतर गुणवत्ता वाले चूजों को इसके बाद स्थानीय पशुपालकों के बीच वितरित किया जाएगा। इस पहल से ग्रामीण पशुपालकों को स्थानीय स्तर पर गुणवत्तापूर्ण चूजे उपलब्ध होंगे। इससे उन्हें बाहर से चूजे खरीदने में होने वाले अतिरिक्त खर्च से राहत मिलेगी और कुक्कुट पालन के जरिए ग्रामीण परिवारों की आय बढ़ाने में भी मदद मिलेगी।

नर्सरी और डेमो प्लॉट का किया निरीक्षण

उद्घाटन के बाद DDC असीम किस्पोट्टा ने आजीविका संसाधन केंद्र परिसर में स्थित नर्सरी और डेमो प्लॉट का निरीक्षण किया। उन्होंने विभिन्न कृषि प्रदर्शन इकाइयों और पौधों का अवलोकन किया तथा केंद्र की गतिविधियों की जानकारी ली। DDC ने आजीविका संवर्धन से जुड़ी गतिविधियों की सराहना करते हुए इनके बेहतर विस्तार के लिए आवश्यक सुझाव दिए। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीण आजीविका, महिला सशक्तिकरण और स्वरोजगार को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि इस तरह की पहल से ग्रामीण क्षेत्रों में स्थानीय स्तर पर रोजगार और आय के नए अवसर विकसित होंगे। साथ ही सखी मंडल की महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने में भी मदद मिलेगी।

कार्यक्रम में ये लोग रहे मौजूद

कार्यक्रम में BCC अध्यक्ष जलालुद्दीन अंसारी, पंचायत सचिव दुःखाहरण मंडल, फतेहपुर BDO, JSLPS के DPM राहुल रंजन, BPM परीक्षित कर्मकार, गणेश महतो, MD शफीक अंसारी, DM (FI) लाल बिहारी गुप्ता और BPO सुभाष रविदास समेत JSLPS की टीम मौजूद रही। इसके अलावा चारों संकुलों की सखी मंडल दीदियां, खेरवाल उड़नावब उत्पादक कंपनी लिमिटेड (FPO) के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स, CLF पदाधिकारी, केंद्र संचालिका सुरुबाली दीदी, सक्षम केंद्र की राधा एवं सिमरन दीदी, जेंडर सेंटर की प्रियंका एवं प्रिया डे समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण, किसान और अन्य कर्मी कार्यक्रम में शामिल हुए। कार्यक्रम का समापन लाभुकों के साथ संवाद और ग्रामीण आजीविका को और अधिक सशक्त बनाने के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।

Share this news

संबंधित खबरें