जामताड़ा में बच्चा चोरी की अफवाहों पर सख्ती, जिला प्रशासन ने निकाला जागरूकता रथ

Meenu | March 2, 2026 | 03:00 PM IST
  • डीसी और एसपी ने दिखाई हरी झंडी, अफवाह फैलाने और भीड़ हिंसा पर कड़ी चेतावनी

Samachar Post रिपोर्टर,जामताड़ा :झारखंड के जामताड़ा जिले में बच्चा चोरी की अफवाहों को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। हाल के दिनों में राज्य के अलग-अलग इलाकों में अफवाहों के कारण हिंसक घटनाओं की खबरों को देखते हुए जिला प्रशासन ने जागरूकता अभियान शुरू किया है। सोमवार को उपायुक्त रवि आनंद और पुलिस अधीक्षक राजकुमार मेहता ने संयुक्त रूप से समाहरणालय परिसर से ‘जागरूकता रथ’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अभियान का उद्देश्य ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में लोगों को अफवाहों के प्रति सचेत करना और कानून-व्यवस्था बनाए रखना है।

अफवाहों पर न दें ध्यान : डीसी

उपायुक्त रवि आनंद ने कहा कि मीडिया और सोशल मीडिया के माध्यम से बच्चा चोरी की अफवाहें फैल रही हैं, जिसके कारण निर्दोष लोगों के साथ मारपीट की घटनाएं सामने आ रही हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि जामताड़ा प्रशासन किसी भी स्थिति से निपटने के लिए तैयार है। जनता से अपील करते हुए उन्होंने कहा कि किसी भी संदिग्ध सूचना पर खुद कार्रवाई करने के बजाय तुरंत स्थानीय थाना या संबंधित अधिकारियों को सूचित करें।

यह भी पढ़ें :खूंटी में एमवीआई पर मारपीट का आरोप, ट्रक एसोसिएशन ने खोला मोर्चा

भीड़ हिंसा गंभीर अपराध : एसपी

पुलिस अधीक्षक राजकुमार मेहता ने कहा कि अधिकांश मामलों में बच्चा चोरी की खबरें केवल अफवाह साबित होती हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि किसी निर्दोष व्यक्ति के साथ मारपीट करना गंभीर अपराध है और ऐसे मामलों में सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

गांव-गांव पहुंचेगा जागरूकता रथ

जागरूकता रथ जिले के हर प्रखंड और पंचायत में भ्रमण करेगा। लाउडस्पीकर और पंपलेट के जरिए लोगों को जागरूक किया जाएगा कि किसी भी अनजान व्यक्ति पर शक होने पर उसे पुलिस के हवाले करें, न कि भीड़ का हिस्सा बनकर कानून हाथ में लें। प्रशासन ने मुखिया और वार्ड पार्षदों से भी अपील की है कि वे संबंधित थाना प्रभारी का नंबर अपने पास रखें। किसी भी आपात स्थिति में तुरंत 112 पर कॉल करने को कहा गया है।

Share this news

संबंधित खबरें