जमशेदपुर में SSP कार्यालय के पास चेन स्नैचिंग, चाउमीन खा रही महिला के गले से झपटी सोने की चेन

Meenu | August 1, 2026 | 12:20 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर,जमशेदपुर : शहर में चेन स्नैचिंग की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। शुक्रवार को एक ही दिन में छिनतई की दो वारदातों ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए। पहली घटना सोनारी थाना क्षेत्र में हुई, जबकि दूसरी घटना साकची थाना क्षेत्र में एसएसपी कार्यालय से महज 50 मीटर की दूरी पर हुई, जहां एक महिला के गले से सोने की चेन झपट ली गई।

यह भी पढ़ें : अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स सिंडिकेट से जुड़ा रांची की युवती का नाम, इंटरपोल इनपुट के बाद जांच एजेंसियां अलर्ट

चाउमीन खा रही महिला को बनाया निशाना

जानकारी के अनुसार, साकची स्थित एक फास्ट फूड कॉर्नर के पास सोनारी निवासी प्रभा चंद्रा अपनी बेटी के साथ चाउमीन खा रही थीं। इसी दौरान एक युवक अचानक आया और उनके गले से सोने की चेन झपटकर भाग निकला। पीड़िता ने बताया कि उनकी बेटी बाहर से आई हुई थी। दोनों जुबली पार्क घूमने के बाद फास्ट फूड कॉर्नर पर खाने पहुंचे थे। तभी आरोपी ने वारदात को अंजाम दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, चेन झपटने वाला युवक भागकर पास में बाइक लेकर खड़े अपने साथी के साथ फरार हो गया।

SSP कार्यालय के पास वारदात से सुरक्षा पर सवाल

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके। एसएसपी कार्यालय के बेहद करीब हुई इस घटना ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। लगातार हो रही चेन स्नैचिंग की घटनाओं से आम लोगों में भी भय का माहौल है।

एक ही दिन में दो छिनतई की घटनाएं

शुक्रवार को जमशेदपुर में चेन स्नैचिंग की यह दूसरी घटना थी। इससे पहले सोनारी थाना क्षेत्र में भी छिनतई की वारदात सामने आई थी। लगातार बढ़ रही ऐसी घटनाओं को लेकर लोग पुलिस गश्त और सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त करने की मांग कर रहे हैं।

Share this news

संबंधित खबरें